डीडीसी ने की विकास कार्यों की समीक्षा, छात्रावासों में खाली सीटें भरने के दिए निर्देश

0
33

विद्यालयों में शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति हेतु शिक्षा विभाग को दिए आदेश                                                        बक्सर खबर। शुक्रवार को समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में उप विकास आयुक्त निहारिका छवि की अध्यक्षता में जिला कल्याण कार्यालय एवं जिला पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न छात्रावासों, आवासीय विद्यालयों तथा निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान उप विकास आयुक्त ने डॉ. अम्बेडकर कल्याण बालक एवं बालिका छात्रावासों में रिक्त सीटों पर शीघ्र नामांकन सुनिश्चित कराने का निर्देश जिला कल्याण पदाधिकारी को दिया। उन्होंने कहा कि छात्रावासों की सभी सीटों का पूर्ण उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को लाभ मिल सके।

डा. भीमराव अम्बेडकर आवासीय विद्यालय, रामपुर के निरीक्षण के क्रम में भवन निर्माण निगम लिमिटेड के कार्यपालक अभियंता को मेंटेनेंस कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। वहीं सामुदायिक भवन-सह-वर्कशेड निर्माण योजनाओं की समीक्षा करते हुए लंबित योजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने पर जोर दिया गया। बैठक में अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी, डुमरांव ने नव निर्मित विद्यालयों में शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की आवश्यकता पर बल दिया। इस पर उप विकास आयुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि नव निर्मित भवनों में शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति हेतु आवश्यक कार्रवाई जल्द सुनिश्चित की जाए। बैठक में प्रभारी जिला कल्याण पदाधिकारी, विभिन्न छात्रावासों के प्रबंधक, छात्रावास समन्वयक, भवन निर्माण विभाग एवं भवन निर्माण निगम लिमिटेड के पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here