——गर्भवती व धात्री माताओं के लिए पूरक पोषण पर जोर बक्सर खबर। जिले के निमेज पंचायत स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 19 पर शुक्रवार को पोषण पखवाड़ा अभियान के तहत जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समुदाय में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और विशेष रूप से महिलाओं व बच्चों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाना रहा। इस अवसर पर पिरामल फाउंडेशन के गांधी फेलो प्रदीप ने उपस्थित लोगों को पूरक पोषण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और छोटे बच्चों के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार अत्यंत आवश्यक है, जिससे उनके शारीरिक और मानसिक विकास में सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
प्रदीप ने सरल भाषा में समझाया कि दैनिक आहार में हरी सब्जियां, दाल, दूध, फल एवं अन्य पोषक तत्वों को शामिल करना क्यों जरूरी है। उन्होंने कहा कि सही पोषण से कुपोषण जैसी समस्याओं से बचा जा सकता है और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाएं, धात्री माताएं, एएनएम, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका की सक्रिय भागीदारी रही। सभी प्रतिभागियों ने पोषण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को ध्यानपूर्वक सुना और उसे अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।





























































































