-मैट्रिक व इंटर की टॉपर्स में तीन छात्राओं की चर्चाओं
बक्सर खबर। शिक्षा में नवाचार अर्थात नए शैक्षणिक प्रयोगों को संवंर्धित करने के लिए शिक्षा विभाग अपनी मासिक पत्रिका ‘‘बोधिका’’ प्रकाशित कर रहा है। बीते दिनों अप्रैल माह की पत्रिका का विमोचन हुआ। जिसके कवर पेज पर उन छात्र-छात्राओं की तस्वीरें छपी हैं। उनमें सर्वाधिक संख्या बेटियों की है। यह इस बात का संकेत है। समाज बदल रहा है, और अभिभावक भी अपनी बेटियों को बेहतर मौका दे रहे हैं। शनिवार को पत्रिका का अंक सामने आया तो उसके कवर पर जिन छात्रों के नाम हैं।
उनमें अनुपा कुमारी मैट्रिक टॉपर बक्सर (राज्य में तीसरा स्थान), स्नेहा कुमारी इंटर वाणिज्य की जिला टॉपर, संगम कुमारी इंटर कला व अभिषेक मौर्य टॉपर इंटर विज्ञान। हालांकि सिर्फ चार को ही पत्रिका में जगह मिली ऐसा नहीं है। अन्य छात्रों की सूची भी है। जिन्होंने इस बार की मैट्रिक व इंटर की परीक्षा में अपने-अपने विद्यालय का नाम रौशन किया है। अब बात करते हैं विमोचन की। शैक्षिक ई-पत्रिका “बोधिका” के अप्रैल अंक का विमोचन शनिवार को आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में किया गया। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (EE&SSA) चन्दन कुमार द्विवेदी, वरीय व्याख्याता, डायट डुमरांव डॉ. नवनीत कुमार सिंह एवं पत्रिका के संपादन से जुड़े सदस्यों ने संयुक्त रूप से पत्रिका का लोकार्पण किया।

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी चन्दन कुमार द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि “बोधिका” जैसी शैक्षिक पत्रिका शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है, जो उनकी रचनात्मकता, नवाचार एवं ज्ञान-विस्तार को प्रोत्साहित करती है। उन्होंने इसे शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया। वहीं वरीय व्याख्याता, डायट डुमरांव डॉ. नवनीत कुमार सिंह ने कहा कि यह पत्रिका शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को समृद्ध करने के साथ-साथ शिक्षकों के अनुभवों एवं नवाचारों को साझा करने का सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम में राम भजन राम. सुरेन्द्र प्रसाद विमल कुमार सिंह, मो. इमाम अली अंसारी, डॉ. मृत्युंजय राय, सुगंधा कुमारी, रवि प्रकाश, राजेश कुमार राय, रवि शंकर गुप्ता, संदीप आर्य, सुभाष चौहान सहित अन्य शिक्षाविद एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
































































































