कार्य में तेजी लाने का निर्देश, परिसर में रैम्प, वृक्षारोपण व पार्किंग जैसी सुविधाएं विकसित करने के आदेश बक्सर खबर। शनिवार को जिलाधिकारी साहिला ने शहर के चरित्रवन स्थित निर्माणाधीन मोक्ष धाम शवदाह गृह का निरीक्षण किया और कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी, नगर परिषद के स्वच्छता प्रभारी, बुडको के परियोजना निदेशक सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के क्रम में पाया गया कि निर्माण कार्य अपेक्षित गति से नहीं चल रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने बुडको के परियोजना निदेशक को कार्य में तेजी लाने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने शवदाह गृह परिसर में आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रैम्प निर्माण, वृक्षारोपण एवं अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही परिसर में सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देशित किया गया कि मोक्ष धाम के शेष क्षेत्र के समग्र विकास के लिए एक ठोस कार्ययोजना तैयार करें। इस योजना में पार्किंग के साथ अन्य जनोपयोगी सुविधाओं का विकास शामिल होगा। साथ ही, मोक्ष धाम तक पहुंचने वाले कच्चे रास्ते को सुदृढ़ करने के लिए ढलाई अथवा पेवर ब्लॉक लगाने का भी निर्देश दिया गया, ताकि आम लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
































































































