साइबर अपराध गिरोह का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार

0
3273

सोवा से संचालित हो रहा था नेटवर्क, बैंक खातों के जरिए देशभर में ठगी                                                         बक्सर खबर। जिले में साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस जांच में करीब 39 लाख रुपये की ठगी का खुलासा हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 2 मार्च को पुलिस उपाधीक्षक सह साइबर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार कश्यप ने साइबर पुलिस पोर्टल पर चेक विड्रॉल रिपोर्ट का अवलोकन किया। जांच के दौरान उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक के चार खातों पर बिहार के बाहर विभिन्न राज्यों में साइबर अपराध से जुड़े कई मुकदमे दर्ज पाए गए। गहन जांच में यह सामने आया कि ये सभी बैंक खाते जिले के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के सोवा गांव के अलग-अलग खाताधारकों के हैं। इन खातों के माध्यम से लाखों रुपये की निकासी की गई थी। इस संबंध में 19 मार्च को साइबर थाना कांड संख्या 16/26 दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर साइबर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

गठित टीम ने सोवा गांव में खाताधारक रंजीत कुमार पिता- हरिशंकर यादव के घर छापेमारी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में रंजीत कुमार ने स्वीकार किया कि वह अपने सहयोगियों के साथ मिलकर साइबर फ्रॉड करता था और ठगी की रकम इन्हीं बैंक खातों के जरिए निकाली जाती थी। पुलिस के अनुसार, चारों खातों से कुल 39,10,000 रुपये की निकासी की गई है। रंजीत कुमार की निशानदेही पर अन्य आरोपियों के घरों पर भी छापेमारी की गई, हालांकि वे फरार मिले। एक अन्य अभियुक्त नारायण सिंह उर्फ अमृत राज के घर की तलाशी में कई डिजिटल उपकरण बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपी के पास से एक मोबाइल, क्यूआर कोड मशीन, बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट मशीन, दो डेबिट कार्ड, माइन डायमंड लिमिटेड कार्ड, एक चेक तथा क्यूआर कोड की छायाप्रति बरामद की गई है।

इस कार्रवाई में साइबर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार कश्यप के साथ पुलिस निरीक्षक रामरतन पंडित, संजय कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक श्रीकांत, शुभम कुमार, अमीषा कुमारी एवं साइबर थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here