जिलाधिकारी ने गैस आपूर्ति, ईद और बिस्मिल्ला खां महोत्सव को लेकर दी सख्त हिदायत

0
227

कालाबाजारी करने वालों पर होगी कार्रवाई, पर्व और महोत्सव के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम                                      बक्सर खबर। समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में एलपीजी आपूर्ति, ईद-उल-फितर और उस्ताद बिस्मिल्ला खां महोत्सव को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन ने तीनों विषयों पर व्यापक तैयारी और सख्त निगरानी का खाका प्रस्तुत किया। जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में गैस आपूर्ति को लेकर लगातार निगरानी की जा रही है। वरीय पदाधिकारियों द्वारा बड़े प्रतिष्ठानों की भौतिक जांच की जा रही है। गैस सिलेंडर की कालाबाजारी में संलिप्त प्रतिष्ठानों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। 13 मार्च से 19 मार्च 2026 के बीच जिले में कुल 35,971 गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया, जबकि 19 मार्च तक एजेंसियों के पास 4,039 सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है। उपभोक्ताओं की शिकायतों के लिए जिला नियंत्रण कक्ष (06183-223333) 24 घंटे सक्रिय है। अब तक 126 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 81 का निष्पादन कर दिया गया है, शेष पर कार्रवाई जारी है।

जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि 21 मार्च को राज +2 हाई स्कूल में भारत रत्न से सम्मानित उस्ताद बिस्मिल्ला खां की स्मृति में भव्य महोत्सव का आयोजन होगा। कार्यक्रम में शबरी ब्रदर्स (जयपुर घराना), राकेश राज सानू और शहनाई वादन की प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति से होगी, जिसके बाद मुख्य कलाकार मंच संभालेंगे। ईद-उल-फितर के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सुबह 6 बजे से पर्व समाप्ति तक जिले में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। 129 दंडाधिकारी, 31 गश्ती दल दंडाधिकारी और 2 जोनल दंडाधिकारी की तैनाती, आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम गठित की गई है। जिला नियंत्रण कक्ष 24×7 सक्रिय रहेगा और सोशल मीडिया पर साइबर सेनानी व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए लगातार निगरानी रखी जाएगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीडीसी निहारिका छवि, एडीएम अरुण कुमार सिंह सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने जहां एक ओर आम उपभोक्ताओं को निर्बाध एलपीजी आपूर्ति का भरोसा दिलाया है, वहीं दूसरी ओर ईद और सांस्कृतिक आयोजन को शांतिपूर्ण और सफल बनाने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here