आरएसएस ने मनाया नववर्ष उत्सव, पुष्पवर्षा के बीच शहर में हुआ पथ संचलन

0
89

संघ संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार की जयंती पर आद्य सरसंघचालक प्रणाम                                      बक्सर खबर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की नगर इकाई द्वारा सिविल लाइन स्थित बीबी हाई स्कूल के खेल मैदान में नववर्ष प्रतिपदा उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार की जयंती के उपलक्ष्य में आद्य सरसंघचालक प्रणाम भी किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. हेडगेवार के चित्र पर पुष्पार्चन से हुई। इसमें मुख्य वक्ता के रूप में जिला कार्यवाह चंदन प्रकाश, नगर संघचालक ओमप्रकाश वर्मा तथा मुख्य अतिथि के रूप में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. विकास पाण्डेय उपस्थित रहे। अपने संबोधन में चंदन प्रकाश ने कहा कि संघ द्वारा वर्ष भर छह प्रमुख उत्सव मनाए जाते हैं, जिनमें नववर्ष प्रतिपदा प्रथम उत्सव है। उन्होंने इस दिन के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए सृष्टि की रचना, राम राज्याभिषेक, विक्रमी संवत की स्थापना और संघ संस्थापक की जयंती को विशेष बताया।

उन्होंने यह भी कहा कि इस वर्ष संघ अपने स्थापना के शताब्दी वर्ष में प्रवेश कर चुका है और कार्य विस्तार व दृढ़ीकरण पर विशेष बल दिया जा रहा है। कार्यक्रम के उपरांत स्वयंसेवकों ने घोष के साथ अनुशासित पथ संचलन किया। यह संचलन बीबी हाई स्कूल मैदान से प्रारंभ होकर मठिया मोहल्ला, मुनीम चौक, ठठेरी बाजार, मेन रोड होते हुए सिंडिकेट नहर तक गया और पुनः मैदान में आकर संपन्न हुआ। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर गणमान्य लोगों द्वारा पुष्पवर्षा कर संचलन का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर प्रांत कार्यवाह राजेंद्र प्रसाद, जिला प्रचारक अभिषेक भारती, जिला शारीरिक प्रमुख अविनाश कुमार, जिला प्रचार प्रमुख आलोक देश पाण्डेय, नगर कार्यवाह अभिजीत कुमार सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here