पुलिस को देख भागने लगा तस्कर, गाड़ी से बरामद हुईं दो अलग-अलग नंबर प्लेटें बक्सर खबर। इटाढ़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए लगभग 197 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान एक युवक को गिरफ्तार किया गया, जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को पु.अ.नि. मुन्ना कुमार सिंह सशस्त्र बल के जवानों के साथ दिन में गश्ती पर निकले थे। इसी दौरान करीब 11:50 बजे इटाढ़ी बाजार में उन्हें सूचना मिली कि जिला मुख्यालय की ओर से एक सफेद रंग की क्रेटा कार में शराब की बड़ी खेप लेकर इटाढ़ी की ओर आ रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए वाहन की तलाश शुरू कर दी।
करीब 12:10 बजे पेट्रोल पंप के पास संदिग्ध क्रेटा कार दिखाई दी। पुलिस वाहन को देखते ही चालक ने गाड़ी जलवासी गांव की ओर मोड़ दी और तेज गति से भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने पीछा किया। कच्ची सड़क पर आगे रास्ता बंद होने पर चालक और एक अन्य व्यक्ति गाड़ी छोड़कर भागने लगे। पुलिस बल ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि चालक फरार हो गया। पकड़े गए युवक की पहचान विशाल कुमार 20 वर्ष, पिता दीनानाथ सिंह निवासी पछेयारी भेलारी, थाना नटवार, जिला रोहतास के रूप में हुई है। पुलिस ने कार की तलाशी लेने पर अलग-अलग ब्रांड की विदेशी शराब की कुल 271 बोतलें और बीयर बरामद कीं, जिनकी कुल मात्रा लगभग 197.25 लीटर बताई गई है। जांच के दौरान कार से दो अलग-अलग नंबर प्लेट भी बरामद हुईं। पुलिस ने शराब और वाहन को जब्त कर लिया है। फरार चालक हरियाणा निवासी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।






























































































