मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. सुजीत कुमार यादव बने सचिव, छात्र-छात्राओं को नियमों के पालन का निर्देश बक्सर खबर। शहर के महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं के बीच अनुशासन एवं शैक्षणिक वातावरण को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से प्रॉक्टोरियल बोर्ड का गठन किया गया है। इस संबंध में महाविद्यालय प्रशासन द्वारा कार्यालय आदेश जारी किया गया है। आदेशानुसार सभी छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय के नियमों का कड़ाई से पालन करने तथा परिसर में अनुशासित आचरण बनाए रखने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाए रखने के लिए अनुशासन अत्यंत आवश्यक है।
गठित प्रॉक्टोरियल बोर्ड में स्नातकोत्तर मनोविज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सुजीत कुमार यादव को सचिव बनाया गया है। वहीं अर्थशास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. अमृता कुमारी तथा स्नातकोत्तर इतिहास विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. नवीन शंकर पाठक को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। यह समिति महाविद्यालय परिसर में अनुशासन बनाए रखने, छात्र-छात्राओं की गतिविधियों पर निगरानी रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के लिए जिम्मेदार होगी। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. कृष्णा कान्त सिंह ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए महाविद्यालय में अनुशासित वातावरण अत्यंत आवश्यक है। प्रॉक्टोरियल बोर्ड का गठन इसी उद्देश्य से किया गया है, ताकि परिसर में शैक्षणिक माहौल बेहतर बना रहे और छात्र-छात्राएं अपने अध्ययन पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित कर सकें।






























































































