चौसा-मोहनिया मार्ग पर ट्रैक्टर की ट्रॉली से टकराकर चाट में गिरी गाड़ी बक्सर खबर। चौसा–मोहनिया मार्ग पर मंगलवार की शाम एक सड़क दुर्घटना में बोलेरो सवार सात लोग घायल हो गए। सभी घायलों को चौसा सीएचसी में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार इटाढ़ी थाना क्षेत्र के अतरौना गांव निवासी ददन चौधरी की पुत्री के विवाह को लेकर मोहनिया स्थित एक मंदिर में देखा-देखी का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद परिजन बोलेरो से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान चौसा–मोहनिया मार्ग पर राजपुर थाना क्षेत्र के रोहनिभान गांव के पास अचानक बोलेरो का टायर फट गया।
अनियंत्रित बोलेरो पहले सड़क पर जा रहे एक ट्रैक्टर की ट्रॉली से टकरा गई और उसके बाद सड़क किनारे चाट में जा गिरी। दुर्घटना में वाहन चालक समेत सभी सवार घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला और इलाज के लिए चौसा सीएचसी पहुंचाया। घायलों में अतरौना निवासी छोटक चौधरी की पत्नी रीता देवी (45) और उनकी 14 वर्षीय पुत्री ज्योति कुमारी, अशोक कुमार सिंह के 28 वर्षीय पुत्र अमित कुमार, ददन चौधरी की पत्नी संतरा देवी (45) और उनकी 18 वर्षीय पुत्री प्रभावती कुमारी, रमेश कुमार की पत्नी रानी कुमारी (26) तथा उत्तर प्रदेश के गहमर निवासी शंभू चौधरी के 38 वर्षीय पुत्र वीरेंद्र चौधरी शामिल हैं। पुलिस घटना की जांच कर रही है।


































































































