कंबल की आड़ में तस्करी कर लाई जा रही 28 लाख की शराब जब्त

0
296

ट्रक से 258 पेटी विदेशी शराब बरामद, अमरोहा का चालक गिरफ्तार, चंडीगढ़ निर्मित हरदोई से पटना ले जाई जा रही थी खेप                                                                   बक्सर खबर। बिहार-उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाले शहर के नए वीर कुंवर सिंह सेतु पर अहले सुबह उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की। जांच के दौरान कंबल के कतरन से लदे ट्रक के भीतर छुपाकर लाई जा रही 258 पेटी शराब जब्त की गई। मामले में ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह करीब 3 से 3.30 बजे के बीच यूपी नंबर (UP 19 AT 3064) का एक ट्रक बिहार की सीमा में प्रवेश करता दिखाई दिया। उस समय प्रभारी चेक पोस्ट कुंदन कुमार अपनी टीम के साथ नियमित जांच अभियान चला रहे थे। ट्रक कंबल के कतरन से भरा हुआ था, लेकिन शक के आधार पर जब उसकी गहन तलाशी ली गई तो अंदर छुपाकर रखी गई विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई।

उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि ट्रक से कुल 258 पेटी विदेशी शराब बरामद की गई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह शराब उत्तर प्रदेश के हरदोई से बिहार की राजधानी पटना में खपाने के उद्देश्य से लाई जा रही थी। जब्त शराब चंडीगढ़ निर्मित बताई जा रही है, जिसका बाजार मूल्य लगभग 28 लाख रुपये आंका गया है। बरामद शराब में ब्लू स्टार व्हिस्की 785 एमएल की 85 पेटी तथा इसी ब्रांड की 180 एमएल की 173 पेटी शामिल है। कुल मिलाकर करीब 2259.720 लीटर शराब बरामद की गई है। इस मामले में ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के गंगदासपुर गांव निवासी शरीफ अहमद के 34 वर्षीय पुत्र शहजाद आलम के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि राज्य में लागू शराबबंदी कानून के बाद से सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए आगे भी सीमावर्ती इलाकों में उत्पाद विभाग की कार्रवाई इसी तरह जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here