स्थापना दिवस और बिस्मिल्लाह खां महोत्सव की तैयारियां तेज

0
109

8 को उत्कृष्ट महिलाएं होंगी सम्मानित, 21 को डुमरांव में सजेगी सुरों की महफिल, नीली रोशनी से जगमगाएगा शहर                                                                        बक्सर खबर। जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस, जिला स्थापना दिवस, उस्ताद बिस्मिल्लाह खां दिवस एवं बिहार दिवस के आयोजन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मार्च माह में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस, 17 को जिला स्थापना दिवस, 21 को उस्ताद बिस्मिल्लाह खां महोत्सव तथा 22 को बिहार दिवस मनाया जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों को सफल बनाने का निर्देश दिया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला प्रतिभागियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करते हुए सेमिनार, परिचर्चा गोष्ठी सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं की सूची तैयार कर उन्हें सम्मानित करने का भी निर्देश दिया गया।

जिला स्थापना दिवस के अवसर पर सभी कार्यालय प्रधानों को अपने-अपने कार्यालयों में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया है। वहीं नगर परिषद एवं नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारियों को सभी वार्डों में स्वच्छता अभियान चलाने की जिम्मेदारी दी गई है। जिला शिक्षा पदाधिकारी को जिला एवं प्रखंड मुख्यालयों में प्रभात फेरी का रूट तय कर कार्यक्रम आयोजित कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही जिला मुख्यालय में स्थित महानुभावों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके अलावा समाहरणालय परिसर स्थित पार्क में केक कटिंग कार्यक्रम तथा सिविल सर्जन के माध्यम से रक्तदान शिविर आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया है। जिला स्थापना दिवस और बिहार दिवस के अवसर पर नगर परिषद व नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारियों को शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर स्थापित प्रतिमाओं एवं पार्कों की साफ-सफाई कराने तथा उन्हें नीली रोशनी से सजाने का निर्देश दिया गया है।

21 मार्च को राज उच्च विद्यालय डुमरांव में उस्ताद बिस्मिल्लाह खां महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव में विभिन्न कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। साथ ही संतूर, शहनाई सहित अन्य वाद्य यंत्रों की मनमोहक प्रस्तुतियां होंगी। स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया जाएगा, जिसके बाद मुख्य कार्यक्रम की शुरुआत होगी। जिलाधिकारी ने सिविल सर्जन को सभी कार्यक्रम स्थलों पर एंबुलेंस और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर एवं डुमरांव को कार्यक्रम के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here