डीएम साहिला और एसपी शुभम आर्य ने संयुक्त ब्रीफिंग कर दिए सख्त निर्देश बक्सर खबर। होली के अवसर पर जिले में साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने और विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। शुक्रवार को नगर भवन में जिलाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों की विस्तृत ब्रीफिंग की। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया गया कि सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, गश्ती दल, जोनल दंडाधिकारी एवं पुलिस बल 02 मार्च की अपराह्न तक अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर पहुंचकर होली पर्व की समाप्ति अथवा स्थिति सामान्य होने तक डटे रहेंगे। प्रशासनिक व्यवस्था के तहत बक्सर एवं डुमरांव अनुमंडल के पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि सभी अधिकारी व बल समय पर तैनात हों। सभी थानाध्यक्ष, ओपी अध्यक्ष, पुलिस निरीक्षक, अंचलाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी को आसूचना संकलन कर स्वयं क्षेत्र में भ्रमणशील रहने और स्थिति का जायजा लेने को कहा गया है।
नगर निकायों को पर्व के मद्देनजर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। होलिका दहन के दौरान किसी भी संभावित अग्नि दुर्घटना से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग को जिला नियंत्रण कक्ष, मॉडल थाना और डुमरांव थाना में एक-एक अग्निशमन वाहन व दल के साथ तैयार रहने का आदेश दिया गया है। वहीं विद्युत आपूर्ति प्रमंडल को चिन्हित स्थानों पर लटकते या खुले तारों की सूची लेकर मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। साइबर थाना एवं संबंधित पदाधिकारियों को व्हाट्सएप समूहों सहित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखने और अफवाह फैलाने वालों पर विधि-सम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। बिहार पुलिस रेडियो को भी 02 से 04 मार्च तक सभी संचार सेट चौबीसों घंटे चालू रखने का आदेश दिया गया है। सदर अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल एवं सभी प्राथमिक/सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की टीम, पर्याप्त दवाइयों व एम्बुलेंस के साथ तैयार रखने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया गया है। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए क्यूआरटी का गठन किया गया है।
समाहरणालय परिसर स्थित जिला आपदा शाखा में नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेगा। इसका दूरभाष नंबर 06183-223333 जारी किया गया है। नियंत्रण कक्ष के प्रभार में डीआरडीए निदेशक अरविंद कुमार सिंह एवं अपर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी संजय कुमार झा को प्रतिनियुक्त किया गया है। होली पर्व की विधि-व्यवस्था संधारण हेतु जिले में 102 दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल, 31 गश्ती दल दंडाधिकारी व पुलिस बल, 02 जोनल दंडाधिकारी व पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि पर्व को शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाएं तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।


































































































