काशी-अयोध्या की तरह बक्सर में भी उतरें विमान: राजकुमार चौबे 

0
63

पर्यटन से ही बदलेगी जिले की सूरत, लोकतंत्र के प्रहरियों का हुआ अभिनंदन                                                  बक्सर खबर। होली प्रेम, एकता और सामाजिक समरसता का पर्व है। समाज में शांति, सद्भाव और सकारात्मक संवाद बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पत्रकार लोकतंत्र की आंख और आवाज हैं, जो व्यवस्था को आईना दिखाने और समाज को जागरूक करने का कार्य करते हैं। ये बातें विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार कुमार चौबे ने गुरुवार को आयोजित होली मिलन एवं पत्रकार सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने अपने संबोधन में बक्सर के समग्र विकास, धार्मिक पर्यटन और आधारभूत संरचना के विस्तार पर विशेष जोर दिया। राजकुमार कुमार चौबे ने कहा कि आज लाखों श्रद्धालु हवाई मार्ग से काशी और अयोध्या दर्शन के लिए जा रहे हैं। बक्सर धाम, जो महर्षि विश्वामित्र की तपोभूमि, भगवान राम की शिक्षास्थली और भगवान वामन की अवतार स्थली के रूप में विख्यात है, वहां भी देश-विदेश से श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या आ सकती है। इसके लिए बक्सर में एयरपोर्ट निर्माण अत्यंत आवश्यक है। एयरपोर्ट बनने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे और क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

उन्होंने आगे कहा कि विश्वामित्र सेना लगातार बक्सर की सनातन धरोहरों की रक्षा, विश्वामित्र कॉरिडोर निर्माण, गंगा घाटों के सौंदर्यीकरण तथा खुले में मांस की बिक्री पर रोक जैसी मांगें उठाती रही है। हाल ही में राज्य सरकार द्वारा खुले में मांस बिक्री पर रोक लगाने और अहिरौली से ठोरा गंगा संगम तट तक घाट निर्माण के निर्णय को उन्होंने सकारात्मक कदम बताते हुए कहा कि यह वर्षों के संघर्ष और जनभावनाओं का सम्मान है। इसके लिए विश्वामित्र सेना सरकार को बधाई और शुभकामनाएं देती है। इससे पूर्व शहर के ईस्टर्न ग्रेस होटल में विश्वामित्र सेना द्वारा होली मिलन एवं पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के प्रमुख पत्रकारों की गरिमामयी उपस्थिति रही। होली मिलन के माध्यम से सामाजिक सौहार्द, आपसी संवाद और भाईचारे का संदेश दिया गया। समारोह के दौरान पत्रकारों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण होते हैं और लोकतंत्र को सशक्त बनाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम का समापन आपसी शुभकामनाओं और होली की बधाइयों के आदान-प्रदान के साथ हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here