अवैध हथियारों के साथ शादी में कर रहे थे हर्ष फायरिंग, दो कट्टा, कारतूस व तीन बाइक बरामद बक्सर खबर। बगेन गोला थाना क्षेत्र के भादा गांव में एक विवाह समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग करना छह युवकों को महंगा पड़ गया। अवैध हथियारों के साथ नाच कार्यक्रम में फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को बगेन गोला थाना को सूचना प्राप्त हुई कि रामेश्वर साह की पुत्री के विवाह समारोह में कुछ युवक अवैध हथियार लेकर पहुंचे हैं और नाच कार्यक्रम के दौरान हर्ष फायरिंग कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसपी शुभम आर्य के निर्देश पर डुमरांव डीएसपी पोलस्त कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की।
इस दौरान घटनास्थल से संदेश कुमार को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर धीरज पांडेय, सोनू यादव, विंध्याचल कुमार, विकास कुमार और रजनीश कुमार को भी दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक मिस फायर कारतूस तथा तीन मोटरसाइकिल बरामद की हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ अवैध हथियार रखने एवं सार्वजनिक समारोह में फायरिंग करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। डीएसपी पोलस्त कुमार ने कहा कि सार्वजनिक आयोजनों में हर्ष फायरिंग कानूनन अपराध है और इससे जान-माल का गंभीर खतरा उत्पन्न होता है। ऐसे मामलों में पुलिस की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

































































































