जयमाला के मंच पर चलाई थी गोली, देशी पिस्टल और खोखा बरामद बक्सर खबर। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा में विवाह समारोह के दौरान दुल्हन को गोली मारने की सनसनीखेज घटना में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। तकनीकी साक्ष्य और मानवीय आसूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में फरार चल रहे अभियुक्त को विशेष टीम ने बुधवार को समाहरणालय के पास से दबोच लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देशन में सदर एसडीपीओ गौरव कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। गिरफ्तार युवक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा निवासी रामाशंकर चौधरी के पुत्र दीनबंधु चौधरी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से घटना में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल और एक खोखा बरामद किया है। इस संबंध में मुफस्सिल थाना कांड संख्या-64/26 दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी शुभम आर्य ने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रेम-प्रसंग को लेकर वारदात को अंजाम देने की बात सामने आई है। आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी मुफस्सिल थाना कांड संख्या-384/20, धारा 30 (ए) बिहार उत्पाद अधिनियम 2018 के तहत मामला दर्ज है। 24 फरवरी की रात लगभग 10 बजे चौसा में एक विवाह समारोह के दौरान जयमाला कार्यक्रम चल रहा था। उसी दौरान आरोपी युवक ने अचानक मंच पर पहुंचकर दुल्हन को गोली मार दी। गोली लगते ही समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और स्थानीय लोगों ने घायल दुल्हन को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे वाराणसी रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की पहचान की गई और विशेष टीम का गठन कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई।

































































































