कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रख लिया आदर्शों पर चलने का संकल्प बक्सर खबर। मास्टरडे के अवसर पर स्थानीय रेलवे स्टेशन परिसर में दिवंगत स्टेशन मास्टर पी. सिवन पिल्लई को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। आयोजित सभा में अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें याद करते हुए कहा कि पिल्लई सिर्फ एक स्टेशन मास्टर नहीं थे, बल्कि आत्मसम्मान, त्याग और साहस के प्रतीक थे। वक्ताओं ने उनके संघर्षपूर्ण जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान न केवल रेलवे प्रशासनिक जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा से किया, बल्कि कर्मचारियों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए भी सदैव अग्रणी भूमिका निभाई। उनका जीवन कर्तव्यपरायणता और समर्पण की मिसाल रहा है।
सभा में उपस्थित कर्मचारियों ने कहा कि पी. सिवन पिल्लई का योगदान सदैव मार्गदर्शक बना रहेगा। उनके आदर्शों पर चलने और कार्य संस्कृति को मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के अंत में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता ट्रैफिक इंस्पेक्टर विंध्याचल पाण्डेय ने की। इस अवसर पर स्टेशन मास्टर रजत सक्सेना, दिलीप कुमार सहित तकनीकी शाखा के कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
































































































