शांति समिति की बैठक में डीएम और एसपी ने दिए सख्त निर्देश बक्सर खबर। होली और ईद को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से की। बैठक में उपस्थित शांति समिति के सदस्यों ने अपने-अपने सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक और सख्त इंतजाम किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि 3 एवं 4 मार्च को होली मनाई जाएगी, जबकि 2 मार्च की रात्रि में होलिका दहन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि होली के अवसर पर डीजे और अश्लील गानों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सभी थानाध्यक्षों को इसका कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है।
होलिका दहन के पारंपरिक स्थलों का अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर एवं डुमरांव से सत्यापन कराने का निर्देश दिया गया है, ताकि किसी प्रकार के विवाद की स्थिति में प्रशासन को समय पर सूचना मिल सके। साथ ही होलिका दहन के बाद अवशेषों के समुचित निष्पादन और साफ-सफाई पर भी जोर दिया गया। होली से पूर्व सभी होटल और लॉज की सघन जांच कराने का निर्देश संबंधित थानाध्यक्षों को दिया गया है। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को होलिका दहन के बाद शहर में विशेष सफाई अभियान चलाने तथा सभी सीसीटीवी कैमरों को सुचारु रूप से क्रियाशील रखने का आदेश दिया गया है।अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर एवं डुमरांव को डीजे संचालकों के साथ बैठक कर दिशा-निर्देश देने को कहा गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि होली के दौरान मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर बाइक से नियमित पेट्रोलिंग कराई जाएगी। साथ ही एक विशेष कंट्रोल रूम की स्थापना की जाएगी, जहां किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत दी जा सकेगी।

होली के दिन क्विक रिस्पॉन्स टीम भी तैनात रहेगी। किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि या आपत्तिजनक घटना की सूचना तत्काल नियंत्रण कक्ष को देने की अपील की गई है। राज्य में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद त्योहार के अवसर पर अवैध मद्यपान, गांजा, भांग अथवा अन्य मादक पदार्थों के सेवन से उत्पन्न संभावित तनाव को देखते हुए अधीक्षक मद्यनिषेध एवं सभी थानाध्यक्षों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है। शराब माफिया एवं असामाजिक तत्वों की पहचान कर उन पर कड़ी निगरानी रखने को कहा गया है। अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बक्सर एवं डुमरांव को सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि अफवाहों और भ्रामक संदेशों पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।बैठक में जानकारी दी गई कि 21 मार्च को ईद-उल-फितर मनाई जाएगी, जबकि रमजान माह का अंतिम जुम्मा 20 मार्च को अदा किया जाएगा। ईदगाहों और मस्जिदों के आसपास साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु नगर निकायों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। बैठक के अंत में शांति समिति के सदस्यों से अपील की गई कि वे अपने-अपने स्तर से लोगों को जागरूक करें और पूर्व की भांति आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं।

































































































