लापरवाही पर इटाढ़ी बीएओ का वेतन बंद, कई अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब

0
246

जिला समन्वय समिति की बैठक में योजनाओं की सुस्त रफ्तार पर भड़कीं जिलाधिकारी                                बक्सर खबर। समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में मंगलवार को जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं व लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए डीएम ने प्रगति असंतोषजनक पाए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई और कई अधिकारियों से कारण-पृच्छा करने के निर्देश दिए। किसान रजिस्ट्री के कार्य की समीक्षा के दौरान प्रगति काफी धीमी पाई गई। साथ ही प्रखंड कृषि पदाधिकारी इटाढ़ी के बैठक में अनुपस्थित रहने पर डीएम ने कारण पूछते हुए अगले आदेश तक उनका वेतन स्थगित रखने का निर्देश जिला कृषि पदाधिकारी को दिया। ब्रह्मपुर में भी किसान रजिस्ट्री की प्रगति असंतोषजनक रहने पर संबंधित प्रखंड कृषि पदाधिकारी, राजस्व अधिकारी, अंचलाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी से स्पष्टीकरण तलब किया गया।

ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति एवं सत्यापन कार्य धीमा पाया गया। डीएम ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को कार्य में तेजी लाते हुए नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उच्च न्यायालय से संबंधित मामलों की समीक्षा में बक्सर अंचल में 14 वाद लंबित पाए गए। पूर्व में कई बार स्मरण कराने के बावजूद तथ्य विवरणी तैयार नहीं कराने पर अंचलाधिकारी से कारण-पृच्छा करने का निर्देश दिया गया।सीएम डैशबोर्ड से संबंधित लंबित परिवादों की समीक्षा के दौरान प्रभारी पदाधिकारी विधि शाखा को निर्देश दिया गया कि जो कार्यालय समय पर निष्पादन नहीं कर रहे हैं, उनसे जवाब तलब किया जाए। शिकायत एवं अनुश्रवण कोषांग की समीक्षा में यह पाया गया कि कुछ कार्यालय नियमित रूप से पोर्टल पर आवेदनों की प्रविष्टि नहीं कर रहे हैं, जिस पर विभागीय नाराजगी भी व्यक्त की गई है। संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

कन्या विवाह मंडप के ससमय निर्माण के लिए सभी प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी को निर्देशित किया गया। पंचायत कार्यों हेतु जारी राशि के विरुद्ध उपयोगिता प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं कराने वाले प्रखंड विकास पदाधिकारियों से भी कारण-पृच्छा करने का आदेश दिया गया। प्रभारी सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया कि जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, अनुमंडलीय अस्पताल एवं सदर अस्पताल में संचालित ओपीडी एवं उपचारित मरीजों की दैनिक रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। जनगणना 2027 की तैयारी की समीक्षा के दौरान राजपुर, चौगाई, केसठ, सिमरी व बक्सर के लिए एन्यूमरेटर एवं सुपरवाइजर की सूची तथा डुमरांव, चौसा, इटाढ़ी व नगर परिषद से चार्ज एडमिन की सूची शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, ताकि समय पर प्रशिक्षण कार्य प्रारंभ कराया जा सके। बैठक में सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here