एसडीएम की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक संपन्न, संवेदनशील इलाकों में तैनात रहेंगे दंडाधिकारी, गंगा घाटों पर रहेगी पैनी नजर बक्सर खबर। होली पर्व को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बाजारों में केमिकलयुक्त रंगों और डुप्लीकेट सामान की बिक्री पर रोक लगाने का आदेश जारी किया है। साथ ही खाद्य सामग्री की दुकानों की सघन जांच कर मिलावटी सामान बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। मंगलवार को सदर अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय कक्ष में सदर एसडीएम अविनाश कुमार की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सदर एसडीपीओ गौरव कुमार पाण्डेय, अनुमंडल के सभी थानाध्यक्ष, अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में होली के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण, प्रशासनिक तैयारियों और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
एसडीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अनुमंडल क्षेत्र में होली के दौरान डीजे बजाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। सभी थानाध्यक्षों को इसका कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है। प्रशासन ने अनुमंडल क्षेत्र के चिन्हित संवेदनशील स्थलों पर पुलिस पदाधिकारी एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति का आदेश जारी किया है। गश्ती दल सक्रिय रहेंगे तथा किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जाएगी। शांति समिति के सदस्यों के आग्रह पर प्रशासन ने शहर के सभी प्रमुख गंगा घाटों पर विशेष निगरानी और चौकसी बढ़ाने का निर्णय लिया है। गंगा क्षेत्र में मादक पदार्थों के लाने-ले जाने पर पूर्ण रोक रहेगी। पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। चूंकि इस वर्ष होली का पर्व रमजान माह के दौरान पड़ रहा है, प्रशासन ने आपसी भाईचारा और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने पर विशेष जोर दिया है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि किसी भी संभावित सामाजिक तनाव को उत्पन्न नहीं होने दिया जाए।































































































