ग्लोबल विजडम स्कूल के वार्षिकोत्सव में बिखरे जिज्ञासा के रंग, छात्रों ने मोह लिया सबका मन

0
21

नगर भवन में गीत, नृत्य और नाटकों के जरिए दिया सामाजिक संदेश                                                     बक्सर खबर। इटाढ़ी रेलवे गुमटी के करीब स्थित ग्लोबल विजडम स्कूल का 8वां वार्षिकोत्सव स्थानीय नगर भवन में मंगलवार को उत्साह और ऊर्जा के साथ मनाया गया। इस वर्ष समारोह की थीम जिज्ञासा रखी गई, जिसे छात्रों ने गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सदर एसडीएम अविनाश कुमार, एसडीपीओ गौरव कुमार पाण्डेय, रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव डॉ. श्रवण तिवारी, आर्ट ऑफ लिविंग की शिक्षिका व लाइफ कोच वर्षा पाण्डेय, स्कूल निदेशक प्रकाश पाण्डेय, उप निदेशक अमित पाण्डेय एवं प्रधानाचार्या निशा राय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा प्रस्तुत विशेष जिज्ञासा गीत से हुई, जिसने उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया।

निदेशक प्रकाश पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि जिज्ञासा ही वह शक्ति है जो बच्चों को क्यों और कैसे पूछने के लिए प्रेरित करती है। उप निदेशक अमित पाण्डेय ने भी अपने प्रेरक वक्तव्य से बच्चों में ऊर्जा का संचार किया। उन्होंने कहा कि ज्ञान प्राप्त करने की उत्सुकता और जिज्ञासा से आपकी योग्यता अधिक सुदृढ़ बनती है। समारोह में विभिन्न वर्गों के विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी। छात्रों ने नवदुर्गा ड्रामा, मां पर भावनात्मक नृत्य, बॉर्डर-2 देशभक्ति नाटक, बिहार सभ्यता पर आधारित प्रस्तुति, आनंदी ड्रामा, भारतीय महिला वर्ल्ड कप पर नाट्य मंचन, भगवान शिव पर नृत्य बोलो हर-हर महादेव, गणेश वंदना, कर हर मैदान फतह, हनुमान चालीसा डांस, कव्वाली गीत, महाभारत नृत्य, आर्मी पर आधारित नृत्य, आधुनिक रोबोट ड्रामा आदि प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने सामाजिक संदेश भी दिया। विशेष रूप से बिहार की सभ्यता, मातृत्व के महत्व और देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

फोटो – सदर एसडीएम और एसडीपीओ को सम्मानित करते स्कूल निदेशक

मुख्य अतिथि एसडीएम अविनाश कुमार ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ स्कूल को बच्चों में मानवता और संस्कार भी विकसित करने चाहिए। ग्लोबल विजडम स्कूल इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है। अभिभावकों को भी ध्यान रखना चाहिए कि शिक्षा केवल किताबों तक सीमित न रहे, बल्कि बच्चों में सामाजिक मूल्यों की समझ भी विकसित हो। लाइफ कोच वर्षा पाण्डेय ने कहा कि आज दुनिया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की ओर बढ़ रही है। उन्होंने बच्चों को आगामी वार्षिक परीक्षा को लेकर प्रेरित करते हुए कहा कि परीक्षा को बोझ न समझें। परीक्षा आपकी मेहनत और सफलता का प्रमाण है। प्रधानाचार्या निशा राय ने जिज्ञासा थीम की सार्थकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिज्ञासा ही शिक्षा की पहली सीढ़ी है।

समारोह में आगत अतिथियों को विद्यालय निदेशक द्वारा शाल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। वहीं सेवानिवृत्त शिक्षक हरिश्चंद्र पाठक, टाउन थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्यजन को उप निदेशक अमित पाण्डेय ने सम्मानित किया। प्रधानाचार्या निशा राय ने शोभा पाण्डेय को शाल व मोमेंटो भेंट कर स्वागत किया। मीडिया प्रतिनिधियों को भी शाल व मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। अंत में सभी अतिथियों एवं अभिभावकों के लिए भोजन और मिष्ठान की व्यवस्था की गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here