-इटाढ़ी-बक्सर रोड पर रात के वक्त हुई घटनाएं, कोरम में जुटी पुलिस
बक्सर खबर। सड़क पर चलते वक्त गति पर नियंत्रण बहुत जरुरी है। क्योंकि मंगलवार की रात बक्सर-इटाढ़ी मार्ग पर दो जगह दुर्घटनाएं हुई। इसमें तीन लोगों की दुखद मौत हो गई। सभी युवा थे, लेकिन उनका सफर अंतिम यात्रा के रूप में तब्दील हो गया। सूचना के अनुसार पहली घटना वास्तु विहार कॉलोनी के समीप हुई। बाइक से जा रहे उपेन्द्र यादव को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। सिर में गहरी चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई। पुलिस घायल को अस्पताल ले गई थी। लेकिन, उन्हें बचाया नहीं जा सका।
उपेन्द्र यादव धनसोई थाना के सिसौढ़ा गांव निवासी विश्वनाथ यादव के पुत्र थे। दूसरी दुर्घटना पीसी कॉलेज मार्ग के समीप हुई। यहां दो बाइक सवार आपस में टकरा गए। रोहित कुमार निवासी लालगंज इस्माइलपुर के शादी समारोह से घर लौट रहे थे। उनकी बाइक विवेक कुमार (22) पिता अरविंद चौधरी ग्राम हरपुर, थाना इटाढ़ी से टकरा गई। पुलिस उन दोनों को भी अस्पताल ले गई। लेकिन, उनकी भी मौत हो गई। दोनों दुर्घटनाएं मुफस्सिल थाना की सीमा में हुई। इटाढ़ी रेलवे क्रासिंग पर स्थित चौकी (सहायक पुलिस पिकेट) की टीम सभी का पोस्टमार्टम कराने बुधवार की सुबह सदर अस्पताल पहुंची हुई है।
































































































