दोपहर में सो रही पत्नी पर किया जानलेवा हमला, आरोपी फरार, छापेमारी जारी बक्सर खबर। औद्योगिक थाना क्षेत्र के परसिया गांव में शुक्रवार की दोपहर घरेलू कलह ने खौफनाक रूप ले लिया। पति-पत्नी के बीच हुए विवाद में गुस्साए पति ने खाट की पटिया से वार कर पत्नी की हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची देवरानी पर भी आरोपी ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। मृतका की पहचान परसिया गांव निवासी श्रवण राम की पत्नी रेखा देवी करीब 35 वर्ष के रूप में हुई है। वहीं घायल डिंपल देवी 30 वर्ष, आरोपी के छोटे भाई साजन राम की पत्नी हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, श्रवण राम और उसकी पत्नी रेखा देवी के बीच अक्सर घरेलू बातों को लेकर विवाद होता रहता था। परिजनों के मुताबिक गुरुवार की रात भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे रेखा देवी अपने कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान श्रवण राम कमरे में पहुंचा और घर में पड़ी खाट की पटिया से उनके सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से रेखा देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के समय घर में मौजूद साजन राम की पत्नी डिंपल देवी शोर सुनकर कमरे में पहुंचीं और झगड़ा शांत कराने का प्रयास किया। लेकिन आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल डिंपल देवी को तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। परिवारिक सूत्रों के अनुसार, दोनों भाइयों की शादी सारीमपुर के मठिया मोहल्ला स्थित एक ही परिवार में हुई थी। दोनों की पत्नियां आपस में सगी बहनें हैं। घटना के बाद से दोनों परिवारों में मातम पसरा है।
घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सदर अस्पताल पहुंचे एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी श्रवण कुमार फरार हो गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस मामले की गहन छानबीन में जुटी है। गांव में इस हृदयविदारक घटना के बाद शोक व्याप्त हो गई है।






























































































