– अन्य दो पहले ही जा चुके हैं जेल, कुछ और को भी पुलिस ने किया है चलता
बक्सर खबर। सोनवर्षा थाना के कड़सर गांव के समीप पिछले दिनों हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना का तीसरा आरोपी जेल चला गया है। सूचना के अनुसार नागेन्द्र महतो ने न्यायालय में पहुंच समर्पण कर दिया। ऐसा पुलिस की दबिश के कारण हुआ है। क्योंकि किशोरी के साथ हुई घटना के बाद पुलिस ने कई कड़े कदम उठाए। इन तीनों आरोपियों के परिवार से जुड़े कुछ और लोगों को भी दूसरे मुकदमे में चलता किया गया है। अर्थात उनको जेल भेजा गया है।
वहीं दूसरी तरफ घटना के अगले दिन एनएच जाम कर कुछ लोगों ने पुलिस पर दबाव बनाया। इस वजह से पुलिस ने सख्ती और बढ़ा दी। हालांकि घटना के दिन ही मुख्य आरोपी उमाकांत दुबे गिरफ्तार कर लिया गया था। दो दिन बाद दूसरे आरोपी सुंदर पासवान ने भी न्यायालय में समर्पण कर दिया। इस वारदात से जुड़े तीनों नामजद आरोपी जेल जा चुके हैं। एसपी शुभम आर्य ने लोगों को आश्वस्त किया था। किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। यह काम सप्ताह भर के अंदर पूरा कर लिया गया है।






























































































