बक्सर गोल्ड कप के लिए महासंग्राम शुरू, सांसद सुधाकर सिंह ने किया उद्घाटन

0
100

पहले दिन आरा, गोरखपुर और मुंबई की टीमों ने दर्ज की धमाकेदार जीत                                                       बक्सर खबर। हॉकी के पारंपरिक स्वरूप के साथ अब आधुनिक और तेज प्रारूप भी खेल प्रेमियों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। इन्हीं में से एक 5ए-साइड हॉकी है, जो कम समय में अधिक रोमांच, तेज गति और निरंतर एक्शन के लिए जानी जाती है। इसी आधुनिक खेल भावना को आगे बढ़ाते हुए शहर के समीप चुरामनपुर खेल मैदान में आयोजित दो दिवसीय बक्सर गोल्ड कप 2026 का शुभारंभ सोमवार को पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन स्थानीय सांसद सुधाकर सिंह ने किया। उद्घाटन अवसर पर खेल मैदान दर्शकों से भरा रहा और हॉकी प्रेमियों का जोश देखते ही बन रहा था। उद्घाटन से पूर्व जिला हॉकी संघ के सचिव सलमान ने सांसद को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर राजद जिलाध्यक्ष शेषनाथ यादव का भी सम्मानपूर्वक अभिनंदन किया गया। टूर्नामेंट के पहले दिन कुल चार मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।

मेरठ बनाम स्पोर्ट्स क्लब आरा के मुकाबले में स्पोर्ट्स क्लब आरा ने 4–0 से शानदार जीत दर्ज की। मिल्क हॉकी एकेडमी रामपुर ने फिरोज हॉकी अकादमी को 5–0 से एकतरफा मुकाबले में पराजित किया। एफसीआई हॉकी क्लब गोरखपुर ने एमके हॉकी अकादमी पटना को 8–1 से हराकर बड़ी जीत हासिल की। वहीं, मानसी फाउंडेशन मुंबई ने स्पोर्ट्स क्लब को 5–2 से मात देकर अपनी मजबूती का परिचय दिया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में महिला एवं पुरुष वर्ग को मिलाकर कुल 32 टीमें हिस्सा ले रही हैं। देश के विभिन्न राज्यों से आई टीमों के कारण टूर्नामेंट का स्तर काफी ऊंचा नजर आ रहा है। दूसरे दिन के मुकाबलों को लेकर उत्साह चरम पर मंगलवार को खेले जाने वाले मुकाबलों को लेकर दर्शकों और खिलाड़ियों में खासा उत्साह है। आयोजकों को उम्मीद है कि आने वाले मैच और भी रोमांचक होंगे और हॉकी प्रेमियों को भरपूर मनोरंजन मिलेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here