कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की कार्यक्रम की शुरुआत बक्सर खबर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा बुधवार को संविधान संरक्षण एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय ने की। शुरुआत बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुई। मुख्य वक्ता के रूप में एमवी कॉलेज के पूर्व प्राध्यापक डॉ. प्रो. श्यामजी मिश्रा को अंगवस्त्र व संविधान की प्रति भेंट कर सम्मानित किया गया।अपने संबोधन में जिलाध्यक्ष ने कहा कि भारत का संविधान लागू होने के बाद कांग्रेस ने उसे मजबूत करने और लोकतांत्रिक ढांचे को स्थिर रखने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।
कांग्रेस ने 11 बार बहुमत से सरकार बनाई और कभी भी संविधान की मूल भावना से समझौता नहीं किया। इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने संविधान और राष्ट्र की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान दिया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य डॉ. प्रमोद ओझा ने कहा कि कांग्रेस के वैचारिक नेतृत्व के बिना संविधान सभा में दो-तिहाई बहुमत संभव नहीं था। उन्होंने डॉ. अंबेडकर की चेतावनी दोहराते हुए कहा कि आज की शासन व्यवस्था में संविधान की अवमानना साफ दिखती है। कार्यक्रम में संजय पांडेय, वीरेंद्र राम, पप्पू दुबे, अभय मिश्रा सहित अन्य कार्यकर्ता, अधिवक्ता, समाजसेवी और व्यापारी मौजूद रहे।































































































