आसमानी बिजली से एक की मौत, दो गंभीर

0
2460

खेत में काम कर रहे मजदूरों पर गिरी बिजली, मुआवजे और बेहतर इलाज की मांग                                       बक्सर खबर। बुधवार की दोपहर अचानक बदले मौसम ने खेत में काम कर रहे मजदूरों पर कहर बरपा दिया। ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के गायघाट दियारा में आसमान से गिरी बिजली ने एक मजदूर की जान ले ली, जबकि दो अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल बन गया। मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रामजी बिंद 46 वर्ष, पिता स्व. भिखारी बिंद, ग्राम ओझवलिया टोला निवासी के रूप में हुई है। वह अपने गांव के अन्य मजदूरों संग खेत में काम कर रहे थे। अचानक मौसम बदला, बादलों की गड़गड़ाहट के बीच ठनका गिरा और सीधे मजदूरों पर आ गिरा। मौके पर ही रामजी बिंद की मौत हो गई। इस हादसे में पास ही काम कर रहे प्रदीप बिंद पिता उतिल बिंद और संतोष बिंद पिता सुदामा बिंद गंभीर रूप से झुलस गए।

दोनों को तुरंत ब्रह्मपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही ब्रह्मपुर थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पुराना सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष ने पत्रकारों को बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही प्राकृतिक आपदा राहत के तहत पीड़ित परिवार को सरकारी मदद दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। जैसे ही हादसे की खबर गांव पहुंची, मृतक के घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मृतक परिवार को उचित मुआवजा और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here