ठोरा किनारे मिला तीन दिनों से लापता किशोर का शव, पुलिस पर लापरवाही का आरोप

0
1734

परिजनो ने लगाया अपहरण कर हत्या का आरोप, विरोध में सड़क जाम                                                                 बक्सर खबर। इटाढ़ी थाना क्षेत्र के अतरौना पुल के पास ठोरा नदी किनारे सोमवार की शाम किशोर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान इटाढ़ी निवासी छोटू कुमार कुशवाहा पिता- लक्ष्मण सिंह कुशवाहा के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, छोटू  रक्षाबंधन के दिन 9 अगस्त से  लापता था। उसके परिजनों ने उसी दिन इटाढ़ी थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। मृतक के पिता लक्ष्मण सिंह ने आरोप लगाया कि जमीन के रास्ते के विवाद को लेकर पाटीदार श्रीराम और उसके सहयोगी रामबचन कुशवाहा ने बेटे को अगवा किया था।

गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी के कारण ठोरा नदी का पानी खेतों तक फैल गया था। सोमवार को पानी घटने के बाद अतरौना के खेत से शव बरामद हुआ। शव की हालत खराब होने से अंदेशा है कि हत्या तीन दिन पहले हुई होगी। शव मिलने की खबर पर परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने सोमवार की देर शाम सड़क जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे राजपुर विधायक विश्वनाथ राम और पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद जाम हटाया गया। ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की।

घटनास्थल पर लगी ग्रामीणों की भीड़ व मृतक युवक का फाइल फोटो

पीड़ित परिजन सोमवार की सुबह ही एसपी कार्यालय पहुंचे थे और अपहरण मामले में कार्रवाई की गुहार लगाई थी। शाम को बेटे की लाश मिलने की खबर से घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पुराना सदर अस्पताल भेजा, जहां से डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम के लिए पटना रेफर कर दिया। रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या की असली वजह और समय का खुलासा हो सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here