गंगा ने दिखाई रफ्तार, बक्सर में चेतावनी बिंदु के करीब पहुंचा जलस्तर

0
622

रामरेखा घाट के विवाह मंडप तक आया पानी, सती घाट पूरी तरह जलमग्न                                                    बक्सर खबर। गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और अब हालात धीरे-धीरे चिंताजनक होते नजर आ रहे हैं। मंगलवार यानी 15 जुलाई की शाम 6 बजे गंगा का जलस्तर 58.67 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी बिंदु से मात्र आधा मीटर दूर है। केन्द्रीय जल आयोग के मुताबिक, बक्सर में चेतावनी बिंदु 59.32 मीटर और खतरे का निशान 60.32 मीटर है। फिलहाल पानी हर घंटे औसतन 2 सेंटीमीटर की रफ्तार से बढ़ रहा है। यदि यही गति रही, तो बुधवार शाम तक गंगा चेतावनी के निशान को पार कर सकती है।

हालांकि, राहत की बात यह है कि प्रयागराज और वाराणसी में जलस्तर की रफ्तार धीमी पड़ गई है, जिससे यहां थोड़ी राहत की उम्मीद बनी है। बढ़ते जलस्तर का सीधा असर अब घाटों पर दिखने लगा है। रामरेखा घाट स्थित विवाह मंडप तक पानी पहुंच गया है। सती घाट (कचहरी घाट) पूरी तरह से डूब चुका है। गोलाघाट पर बने नए घाट की लगभग सभी सीढ़ियां पानी में समा गई हैं, जबकि पुराने घाट की कुछ सीढ़ियां अब भी नजर आ रही हैं। जलस्तर की स्थिति को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क हो गया है और संभावित बाढ़ की तैयारियों को लेकर निगरानी बढ़ा दी गई है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here