भक्ति में डूबी नगर की सड़कों पर निकली जलभरी यात्रा

0
140

–काली मंदिर से शुरू हुई यात्रा, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया भाग                                                           बक्सर खबर। नगर के शिवपुरी मोहल्ले में स्थित प्राचीन काली मंदिर से शनिवार को भव्य जलभरी यात्रा निकाली गई। यह यात्रा रविवार से शुरू हो रही श्रीमद्भागवत कथा के उपलक्ष्य में निकाली गई, जिसमें श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। आचार्य रणधीर ओझा जी महाराज के सान्निध्य में परंपरा अनुसार यह यात्रा शिवपुरी काली मंदिर से आरंभ होकर सारिमपुर तक गई, जहां पवित्र गंगा जल भरकर नगर भ्रमण करते हुए पुनः मंदिर परिसर में संपन्न हुई।

यात्रा के दौरान हजारों की संख्या में महिला-पुरुष, युवा और बच्चों ने भाग लिया। हर ओर “जय भोलेनाथ” के जयकारे, ढोल-नगाड़ों की गूंज और भक्ति गीतों की मधुर ध्वनि से माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं की टोलियों ने सुंदर झांकियों और फूलों से सजे डोलों के साथ जलभरी यात्रा को और भी खास बना दिया। नगरवासियों ने जगह-जगह श्रद्धालुओं का स्वागत किया, फल-प्रसाद और शीतल जल वितरित कर अतिथि धर्म निभाया।

शोभायात्रा में शामिल भगवान वामन चेतना मंच के सदस्य व अन्य

यह आयोजन केवल धार्मिक रस्मों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज में एकता, सांस्कृतिक मूल्यों और भक्ति भावना को जीवित रखने का संदेश भी देता रहा। शिवपुरी काली मंदिर में 15 से 21 जून तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक होगा। आयोजन समिति के शशिभूषण ओझा, विकास राय, राजकुमार यादव सहित कई स्थानीय लोग इसमें सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।भगवान वामन चेतना मंच के मृत्युंजय तिवारी, अभिषेक ओझा, प्रमोद चौबे, पीयूष पांडेय, सरोज तिवारी समेत हजारों श्रद्धालु जलभरी यात्रा में मौजूद रहे। समापन काली मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चारण और दिव्य आरती के साथ संपन्न हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here