फिर गरजेगा चौसा, 21 जून को थर्मल प्लांट का होगा घेराव

0
674

राकेश टिकैत, सुधाकर सिंह समेत कई बड़े किसान नेता होंगे शामिल                                                         बक्सर खबर। एक बार फिर चौसा थर्मल के खिलाफ किसान और मजदूरों का बड़ा आंदोलन होने जा रहा है। 21 जून को चौसा थर्मल प्लांट के समक्ष ऐतिहासिक महाधरना का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देशभर के किसान मजदूर नेता शामिल होंगे। इस मौके पर किसान नेता राकेश टिकैत और सांसद सुधाकर सिंह भी हुंकार भरेंगे। शनिवार को बनारपुर में आयोजित किसान पंचायत में इस महाधरना का ऐलान किया गया। पंचायत को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन के बिहार प्रभारी दिनेश कुमार ने कहा कि चौसा का आंदोलन आज पूरे देश में चर्चा का विषय बन चुका है।

उन्होंने कहा कि चौसा थर्मल प्रबंधन ने भ्रष्ट जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन की मिलीभगत से आंदोलन को दबाने की कोशिश की, लेकिन किसान मजदूरों के हौसले को नहीं तोड़ पाए। दिनेश कुमार ने बताया कि आंदोलन के दौरान किसानों और मजदूरों पर हुए पुलिसिया दमन के दोषियों के खिलाफ कोर्ट से समन जारी होना इस संघर्ष की पहली जीत है। अब अगली लड़ाई वादा खिलाफी के खिलाफ लड़ी जाएगी। किसानों और खेत मजदूरों पर हुए अमानवीय अत्याचार के बावजूद आंदोलनकारी अडिग हैं। किसान नेता अशोक प्रसाद सिंह ने कहा कि चौसा की यह लड़ाई अब पूरे बिहार की आवाज बन चुकी है। उन्होंने सरकार से मांग की कि आंदोलन से जुड़े सभी झूठे मुकदमे वापस लिए जाएं, वरना इसका जवाब चुनाव में मिलेगा।

खेतिहर मजदूर किसान संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष रामप्रवेश सिंह ने कहा कि चाहे जितना जुल्म हो, चौसा के किसान और मजदूर न डरेंगे, न झुकेंगे। उन्होंने कहा कि हम अपना हक लेकर रहेंगे।पंचायत में तय किया गया कि महाधरना को सफल बनाने के लिए पूरे जिले में प्रचार अभियान चलाया जाएगा। पंचायत की अध्यक्षता किसान नेता शैलेश राय ने की। सभा को सियाराम यादव, शिवजी सिंह, सुरेंद्र सिंह, नंदकुमार सिंह, घनश्याम चौधरी, नंद कुमार राम सहित कई नेताओं ने संबोधित किया।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here