-युवा नेता आकाश कुमार सिंह ने साथियों संग योजना बनाई
बक्सर खबर। बक्सर नगर परिषद में विगत कुछ वर्षों से भ्रष्टाचार का खेल चल रहा है। बात जन्म से लेकर मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने की हो अथवा किसी तरह के काम की। यहां भ्रष्टाचार चरम पर है। उसके खिलाफ पिछले दिनों पटना नगर विकास एवं आवास मंत्रालय के कार्यालय में युवा नेता आकाश कुमार सिंह उर्फ रामजी काला चिट्ठा सौंप आए हैं। यह उनका दावा है। शनिवार को उनके द्वारा बक्सर खबर को संदेश भेजकर बताया गया कि हम इसके खिलाफ बक्सर अगेंस्ट करप्शन अभियान शुरू कर रहे हैं।
जो लोग नगर परिषद के सताए हुए हैं। वे पांच हजार पोस्टकार्ड यहां से मंत्रालय को भेजेंगे। नई सरकार और विशेषकर युवा मंत्री के आने से हम सभी का विश्वास दूना हो गया है। घोटाले का पर्दाफाश होगा और इसके गुनहगारों को सजा होगी। यह भ्रष्टाचार के खिलाफ एक निर्णायक लड़ाई साबित होगी। आज शनिवार से अभियान प्रारंभ किया गया है। जो अगले एक सप्ताह तक चलेगा। अगली कड़ी में सदर अस्पताल में आइसीयु, सर्जरी कि व्यवस्था को लेकर स्वास्थ विभाग में हजारों लोगों के द्वारा मांग पत्र भेजा जाएगा।
































































































