पंच परिवर्तन से होगा नए भारत का निर्माण

0
20

प्रमुख जन गोष्ठी में उपेंद्र भाई त्यागी ने व्यक्ति निर्माण के माध्यम से राष्ट्र उत्थान पर दिया जोर                                     बक्सर खबर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों के तहत रविवार को डुमरांव स्थित अनंतविजयम एकेडमी में प्रमुख जन गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर के बुद्धिजीवियों के बीच संघ के विचार, उद्देश्य और सामाजिक भूमिका पर सार्थक संवाद हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रांत शिक्षण बौद्धिक प्रमुख उपेंद्र भाई त्यागी, प्रांत कुटुंब सह संयोजक जयशंकर पाण्डेय, मिश्र इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन के निदेशक चंदन कुमार मिश्र और नगर संघचालक वीरेंद्र राय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विषय प्रवेश करते हुए विभाग कार्यवाह विमल कुमार सिंह ने कहा कि संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य संघ के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और समाज के प्रमुख लोगों के साथ संवाद स्थापित करना है।

मुख्य अतिथि उपेंद्र भाई त्यागी ने अपने संबोधन में कहा कि संघ ने 100 वर्ष पूर्व व्यक्ति निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का जो संकल्प लिया था, वह आज भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ जारी है। उन्होंने कहा कि संघ द्वारा शताब्दी वर्ष में पंच परिवर्तन- सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्व का जागरण और नागरिक शिष्टाचार के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में छोटे-छोटे बदलाव लाकर समाज निर्माण में बड़ी भूमिका निभा सकता है। गोष्ठी में उपस्थित लोगों ने भी अपने विचार साझा करते हुए बताया कि कैसे वे छोटे-छोटे संकल्प लेकर अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रहे हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए चंदन कुमार मिश्र ने कहा कि उनका संस्थान भी पंच परिवर्तन के सिद्धांतों को आधार बनाकर संचालित हो रहा है। कार्यक्रम का संचालन विमल कुमार सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन चंदन कुमार मिश्र ने किया। सामूहिक गीत की प्रस्तुति उप-प्राचार्य संतोष कुमार और सुधांशु भगत ने दी। इस अवसर पर जिला प्रचारक अभिषेक भारती, रघुवर सिंह, संजय चौबे, डॉ. अभय कुमार पाण्डेय, संतोष कुमार उपाध्याय, रामाश्रय राम, राजीव भगत, वंदना भगत, जितेंद्र मिश्रा, मुकेश कुमार सिंह, राजीव सिंह, पशुपति सिंह, भरत प्रसाद समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here