‌‌‌ डुमरांव थाना परिसर में करंट लगने से युवक की मौत

0
2169

-गया का परिवार रहता है आवासीय परिसर में
बक्सर खबर। डुमरांव थाना के परिसर में करंट लगने से युवक की मौत हो गई। घटना शुक्रवार दोपहर की है। मृत युवक एक महिला पुलिसकर्मी का पुत्र था। जैसे ही यह बात थाने के अन्य लोगों को मिली। वहां अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। करंट से झुलसे युवक मोहित चौधरी (24) को अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। लेकिन, चिकित्सकों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। सूचना के अनुसार थाने में तैनात महिला आरक्षी मंजू कुमारी का वह पुत्र था। उनकी तैनाती थाना मैनेजर के पद पर है।

वह मूल रूप से गया जिला के बेलागंज की रहने वाली हैं। परिसर में ही उनको आवास मिला हुआ है। जहां उनका परिवार रहता है। पुत्र के मौत की खबर सुन मां तो जैसे निढाल हो गई। पुलिस कर्मियों ने बताया कि मोहित पटना में रहकर प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रहा था। बुधवार को ही वह पटना से अपनी मां से मिलने आया था। शुक्रवार को दोपहर करीब 1.30 बजे वह अपने आवास के बाहर बंधे तार की रेगनी पर चादर सुखाने के लिए डालना चाहा।

संयोग से उस तार पर बिजली का सर्विस तार टूट कर गिरा था। जिसे यह देख नहीं सका तथा चादर डालते ही करंट की चपेट में आ गया। जब तक लोग समझते तथा उसे तार से अलग करते तब तक देर हो चुकी थी। इस घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ अफाक अख्तर अंसारी तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे। वही डुमरांव थाना की पूरी टीम भी मौके पर मौजूद थी। जवान बेटे के गुजर जाने का सदमा उसकी मां को ऐसा लगा कि वह बेहोश हो गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here