-आरा जिले का रहने वाला था युवक, परिजनों का इंतजार कर रही पुलिस
बक्सर खबर। शहर के शिवपुरी मोहल्ले में शनिवार की सुबह युवक का शव मिला। स्थानीय लोगों ने पुलिस को उसकी सूचना दी। पैंट और बनियान पर वह औंधे मुंह शिवपुरी मोहल्ले के मध्य स्थित बगीचे में एक तरफ गिरा पड़ा था। कमर में उसका मोबाइल फोन भी पैंट में खसा मिला। पुलिस ने तफ्तीश शुरू की तो पता चला उसका नाम ओम पांडेय (24) पांडेय था। वह मूल रुप से आरा जिला के ग्राम चौसी का निवासी था।
घर वालों से बात हुई तो पता चला दो दिन पहले ही वह अपने दोस्तों के साथ कहीं गया था। मौके पर जमा लोगों की भीड़ में कई लोग यह कहते सुने गए। यह प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला है। युवक इस मोहल्ले में रहने वाले गुड्डू लाल के घर आया था। इतनी बात सुनने के बाद पुलिस ने संदिग्ध घर में मौजूद दो युवतियों को पूछताछ के लिए पुलिस थाने ले गई। हालांकि पूरी सच्चाई क्या है। इससे अभी पर्दा नहीं उठा है। पूछने पर नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया
हम लोग पूछताछ कर रहे हैं। परिजनों का इंतजार किया जा रहा है। उनकी शिकायत के आधार पर ही प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। युवक की मौत कैसे हुई ? इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। लेकिन, जब तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आती। कुछ स्पष्ट नहीं कहा जा सकता। हमने उसका पोस्टमार्टम करा लिया है। रिपोर्ट का इंतजार है और परिजनों की शिकायत का भी। उसके पास से जो फोन बरामद हुआ है, उसकी जांच भी हो रही है।






























































































