नितिन नवीन के इस्तीफे से खाली हुई सीट पर उपचुनाव का बिगुल बक्सर खबर। बांकीपुर विधानसभा के लिए जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर को प्रत्याशी बनाए जाने पर बक्सर जिला इकाई ने खुशी जताई है। जन सुराज के जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर प्रशांत किशोर को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह केवल एक उम्मीदवारी नहीं, बल्कि बिहार में नई राजनीति, ईमानदार नेतृत्व और जनभागीदारी की दिशा में मजबूत पहल है। उन्होंने विश्वास जताया कि बांकीपुर की जागरूक जनता बदलाव, विकास और बेहतर भविष्य के संकल्प के साथ इस अभियान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।
बजरंगी मिश्रा ने कहा कि बांकीपुर किसी एक दल का गढ़ नहीं, बल्कि बिहार की जनता का गढ़ है। लोगों को ऐसे उम्मीदवार का समर्थन करना चाहिए, जो नई राजनीति और सकारात्मक बदलाव का प्रतिनिधित्व करता हो। उन्होंने दावा किया कि बिहार की राजनीति में बदलाव का दौर शुरू हो चुका है और बांकीपुर उपचुनाव इसका महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होगा। गौरतलब है कि इस सीट से नितिन नवीन ने पिछला विधानसभा चुनाव जीता था। बाद में उनके पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने और राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने के बाद यह सीट रिक्त हुई, जिस पर अब उपचुनाव कराया जाएगा।




























































































