-कक्षा एक से आठ तक में दोपहर 12:20 बजे होगा अवकाश
बक्सर खबर। गर्मी के मौसम को देखते हुए शिक्षा विभाग ने स्कूलों की समय सारिणी में बदलाव कर दिया है। आज गुरुवार को निदेशक माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा जारी पत्र में कहा गया है। छह अप्रैल अर्थात सोमवार से विद्यालयों का संचालन प्रातः: 6:30 से दोपहर 12:30 तक होगा। विभाग द्वारा पत्र जारी होने के बाद शिक्षकों में चल रही ऊहापोह की स्थिति समाप्त हो गई है। हालांकि उनकी मुश्किलें कम नहीं हुई। क्योंकि दोपहर 12:30 बजे धूप का प्रभाव चरम पर होता है। ऐसे में उन्हें तपती दोपहरी का सामना करना होगा। बहरहाल जो समय सारणी जारी की गई है।
उसके अनुसार प्रातः: 6:30 से 7 बजे तक चेतना सत्र का संचालन होगा। और उसके बाद पहली घंटी का समय 7 से 7:40 होगा। अर्थात एक घंटी का अंतराल 40 मिनट का होगा। कुल सात घंटी पढ़ाई होगी। 12:20 में छात्रों को छुट्टी मिल जाएगी। अगले दस मिनट तक शिक्षक अगले दिन की कार्ययोजना बनाकर विद्यालय से दोपहर 12:30 बजे एप पर हाजिरी दर्ज करते हुए विद्यालय से विदा होंगे। यह आदेश गर्मी की छुट्टियों तक प्रभावी रहेगा। अर्थात अप्रैल व मई के लिए यह आदेश जारी हुआ है। शैक्षणिक कैलेण्डर के अनुसार एक से 20 जून तक गर्मी की छुट्टियां पहले से स्वीकृत हैं। उसके उपरांत विद्यालय पूर्व के समय 9:30 से अपराह्न 4:00 बजे तक चलेंगे।































































































