जन सुराज ने बेरोजगारी, पलायन और कानून व्यवस्था पर एनडीए सरकार को घेरा बक्सर खबर। जन सुराज पार्टी के जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने कहा कि बिहार की नव निर्वाचित सरकार अपने छह महीने के कार्यकाल में जनता से किए गए वादों पर खरी नहीं उतरी है। उन्होंने युवाओं, महिलाओं और मजदूरों के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया। बुधवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में बजरंगी मिश्रा ने कहा कि एनडीए सरकार ने पांच वर्षों में एक करोड़ रोजगार देने का वादा किया था। इसके अनुसार प्रतिदिन करीब 5476 युवाओं को रोजगार मिलना चाहिए था। उन्होंने दावा किया कि सरकार बनने के छह महीने बाद तक लगभग 9.85 लाख नौकरियां मिल जानी चाहिए थीं, लेकिन बिहार का युवा आज भी बेरोजगारी और पलायन झेल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में हत्या, दुष्कर्म और आपराधिक घटनाओं का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। बिहार में केवल 25 प्रतिशत मजदूरों को राज्य में रोजगार मिल पा रहा है, जबकि 71 प्रतिशत मजदूर दूसरे राज्यों में पलायन को मजबूर हैं।
डीटीओ कार्यालय शराब कांड को लेकर भी उन्होंने सरकार और प्रशासन पर निशाना साधा। कहा कि मामले में कार्रवाई के बजाय लिपापोती की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधि जनता की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं हैं। जिला युवा अध्यक्ष अजीत सम्राट ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। वहीं महिला जिलाध्यक्ष आशा देवी ने नीट छात्रा हत्याकांड में समय पर चार्जशीट दाखिल नहीं होने पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि इसी कारण आरोपियों को जमानत मिली, जो सरकार की बड़ी विफलता है। उन्होंने बताया कि जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर बिहटा स्थित बिहार नवनिर्माण आश्रम में रहकर संगठन और जनसंवाद अभियान को मजबूत करेंगे।
































































































