तालिबानी सजा मामले में आधा दर्जन हिरासत में, भड़के ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

0
477

आजाद पार्टी के जिलाध्यक्ष का दावा: वायरल वीडियो AI का कमाल, पुलिस पर लगाया एकतरफा कार्रवाई का आरोप                                                                    बक्सर खबर। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गुरुदास मठिया गांव में रविवार की रात चोरी के आरोप में एक युवक को पेड़ से उल्टा लटकाकर पीटने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा, जिससे क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण हो गई। आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिए जाने से नाराज ग्रामीणों ने बक्सर-इटाढ़ी मार्ग को जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पीड़ित युवक के पिता बसावन सिंह की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात छापेमारी कर आधा दर्जन संदिग्धों को हिरासत में लिया। पुलिस की इस कार्रवाई को ग्रामीण एकतरफा बता रहे हैं। विरोध स्वरूप ग्रामीणों ने गुरुदास मठिया गांव के पास मुख्य मार्ग को अवरुद्ध कर दिया। करीब एक घंटे तक चले इस हंगामे के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों और यात्रियों को तपती गर्मी में भारी परेशानी झेलनी पड़ी।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे आजाद पार्टी के जिलाध्यक्ष सुरेश आजाद ने पुलिसिया कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने युवक को चोरी करते रंगे हाथों पकड़ा था और पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन पुलिस ने चोर पर कार्रवाई करने के बजाय निर्दोष ग्रामीणों को ही उठा लिया। सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है, वह पूरी तरह भ्रामक है। यह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक का कमाल है, जिसे ग्रामीणों को फंसाने के लिए साजिश के तहत बनाया गया है। दूसरी ओर, पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून को हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, युवक के साथ हुई अमानवीयता के साक्ष्यों के आधार पर ही छापेमारी की गई है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। किसी भी निर्दोष को परेशान नहीं किया जाएगा, लेकिन दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here