शरीर पर बम नहीं बल्कि शराब की बोतलें बांधकर तस्करी कर रही थी महिला बक्सर खबर। जनशताब्दी एक्सप्रेस में बम होने की सूचना से गुरुवार को रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया। सुरक्षा नियंत्रण कक्ष दानापुर से मिली सूचना के अनुसार गाड़ी संख्या 15125 जनशताब्दी एक्सप्रेस के डी-15 कोच में एक महिला के शरीर पर बम बंधा होने की आशंका जताई गई थी। सूचना मिलते ही आरपीएफ हरकत में आ गई और तत्काल कार्रवाई शुरू की गई। उस समय ट्रेन बक्सर स्टेशन से आगे निकल चुकी थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार ने डुमरांव स्टेशन पर तैनात बल को अलर्ट किया। आरक्षी राजमुकुल कुमार और प्रधान आरक्षी मुकेश रोशन को निर्देश दिया गया कि ट्रेन के पहुंचते ही संबंधित कोच की सघन तलाशी ली जाए। तलाशी अभियान में जीआरपी और महिला रेलकर्मी चंद्रावती देवी को भी शामिल किया गया।
जैसे ही ट्रेन डुमरांव स्टेशन पहुंची, टीम ने डी-15 कोच में जांच शुरू की। इस दौरान एक संदिग्ध महिला को चिन्हित कर महिला कर्मी की मदद से पकड़ा गया। पूछताछ में महिला की पहचान ममता कुमारी (29 वर्ष), पति जितेंद्र कुमार, निवासी बिहिया,जिला भोजपुर के रूप में हुई। जांच के दौरान जो सच्चाई सामने आई, उसने सभी को चौंका दिया। महिला के शरीर पर बम नहीं, बल्कि चालाकी से छिपाकर रखी गई 14 पीस अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद हुईं। दरअसल, महिला ने शराब को इस तरह शरीर से बांध रखा था कि वह देखने में बम जैसा प्रतीत हो रहा था, जिससे एक यात्री को शक हुआ और उसने बम की सूचना दे दी। आरपीएफ ने महिला को हिरासत में लेकर बरामद शराब के साथ बक्सर लाया और आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी को सौंप दिया।




























































































