ट्रेन में चोरी कर भाग रहे दो युवक गिरफ्तार

0
719

काशी-पटना जनशताब्दी और लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस में हुई थी चोरी, नकदी समेत 4 मोबाइल बरामद                                           बक्सर खबर। शनिवार को आरपीएफ ने यात्री सुरक्षा अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए चोरी की घटना में संलिप्त दो आरोपी युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से चोरी किए गए मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है। पहली कार्रवाई में आरपीएफ टीम ने स्थानीय रेलवे स्टेशन परिसर से एक आरोपी युवक को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि उसने ट्रेन संख्या 15125 काशी-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस से मोबाइल फोन और नकदी की चोरी की थी। तलाशी में उसके पास से एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन और 730 रुपये नगद बरामद किए गए। गिरफ्तार युवक की पहचान कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के ढकाइच निवासी लाल मोहर भुइयां के 32 वर्षीय पुत्र साधु भुइयां के रूप में हुई है।

वहीं दूसरी कार्रवाई में आरपीएफ टास्क टीम ने अभियान-यात्री सुरक्षा के तहत एक टॉप-बी श्रेणी के आरोपी को गिरफ्तार किया। यह आरोपी ट्रेन संख्या 12142 मुम्बई लोकमान्य तिलक सुपरफास्ट एक्सप्रेस के जनरल कोच से चोरी कर भागने का प्रयास कर रहा था, तभी टीम ने उसे घेरकर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक एंड्रॉइड मोबाइल, दो कीपैड फोन, 6400 रुपये नगद और एक आधार कार्ड बरामद किया गया। गिरफ्तार युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिला अंतर्गत रेवतीपुर निवासी परमपत के 31 वर्षीय पुत्र किशोर के रूप में हुई है। आरपीएफ प्रभारी कुंदन कुमार ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को लेकर स्टेशन और ट्रेनों में लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। चोरी की घटनाओं में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here