अपनी ही पाठशाला में सम्मानित हुए कल के छात्र और आज के दिग्गज

0
159

उर्दू प्राथमिक विद्यालय,खीरी का 66वां वार्षिकोत्सव ऐतिहासिक अंदाज में संपन्न, नगर परिषद अध्यक्ष कमरून निशा और पूर्व एडीएम मुश्ताक अंसारी ने की शिरकत                बक्सर खबर। राजपुर प्रखंड के खीरी गांव स्थित उर्दू प्राथमिक विद्यालय का 66वां वार्षिकोत्सव समारोह ऐतिहासिक गरिमा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। समारोह में विद्यालय के पूर्ववर्ती छात्र आज विशिष्ट अतिथि के रूप में सम्मानित हुए, जिससे आयोजन भावनात्मक और प्रेरणादायी बन गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय की पूर्व छात्रा एवं बक्सर नगर परिषद अध्यक्ष कमरून निशा, शिक्षक संघ अध्यक्ष राम अवतार पांडेय तथा पूर्व मुखिया कमलेश सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह की अध्यक्षता सेवानिवृत्त एडीएम मुश्ताक अंसारी एवं प्रधान शिक्षक धनंजय मिश्र ने संयुक्त रूप से की, जबकि संचालन शिक्षक अखिलेश पांडेय ने किया। मुख्य अतिथि कमरून निशा ने कहा कि यह विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर है। उन्होंने शिक्षकों की निष्ठा और समर्पण की सराहना करते हुए विद्यार्थियों से नियमित रूप से विद्यालय आकर अपने भविष्य को संवारने का आह्वान किया।

अध्यक्षता कर रहे पूर्व एडीएम मुश्ताक अंसारी, जो स्वयं इसी विद्यालय के छात्र रहे हैं, ने अपने छात्र जीवन की स्मृतियां साझा करते हुए बताया कि कभी विद्यालय खपरैलनुमा भवन में संचालित होता था। आज उसी विद्यालय का भव्य आयोजन देखना गर्व की अनुभूति कराता है। इस अवसर पर पूर्ववर्ती छात्र इसराइल अंसारी, मोहम्मद इस्लाम, मसूद आलम, मोहम्मद इमरान, आफताब आलम, निहाल अहमद जफर इमाम एवं आबिदा खातून को मोमेंटो एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुखिया अनिल सिंह ने इसे समाज के लिए सकारात्मक पहल बताते हुए कहा कि सरकारी विद्यालयों में इस प्रकार के आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं। वहीं पूर्व मुखिया मकरध्वज सिंह विद्रोही ने पूर्व छात्रों के सम्मान को विद्यालय के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बताया।

फोटो – खीरी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल पूर्ववर्ती छात्र-छात्राएं, अतिथि, शिक्षक व अन्य

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। छात्रा आइशा खातून, नाज प्रवीन एवं करीना कुमारी ने राष्ट्रगान प्रस्तुत कर देशभक्ति की भावना जागृत की। अन्य छात्र-छात्राओं ने बिहार गीत, कव्वाली और रिकॉर्डिंग प्रस्तुति से उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। शिक्षक नेता ब्रजेश राय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में अपार प्रतिभा है, जरूरत केवल उचित मार्गदर्शन और मंच देने की है। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को ट्रॉफी एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर चेयरमैन प्रतिनिधि नियामतुल्लाह फरीदी, शिक्षक सलवत महमूद खान, मोहम्मद जमशेद आलम, शमशाद आलम, जावेद खान, शाइस्ता परवीन, गौरव यदुवंशी, रागिनी मिश्रा, संजय मिश्रा, कमलेश सिंह, धनंजय त्रिगुण, श्री रामलाल, मनजी राम, कुंवर यादव, कलेंदर त्रिगुण, मुखिया प्रतिनिधि वीरेंद्र शाह, सरपंच गजेंद्र चौहान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

समारोह ने यह संदेश दिया कि विद्यालय केवल पढ़ाई का स्थान नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और सामाजिक सरोकारों की आधारशिला है, जहां से निकलकर छात्र समाज के दिग्गज बनते हैं और एक दिन अपनी ही पाठशाला में सम्मानित भी होते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here