रोगियों की सहायता के लिए आरएसएस बना रहा है सेवा सदन

0
151

– पूज्य जीयर स्वामी जी की उपस्थिति में हुआ भूमि पूजन कार्यक्रम
-अहंकार शून्य होकर समाज को समर्थ बनाने के लिए होनी चाहिए सेवा : मोहन भागवत
बक्सर खबर। डा. हेडगेवार स्मार समिति पटना एम्स से कुछ पूरी पर केशव नगर फुलवारी में सेवा सदन का निर्माण करा रही है। जहां दूर से आने वाले मरीजों की सेवा हो सके। मौनी अमावस्या को यहां भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। जिसमें पूज्य संत जीयर स्वामी जी महाराज, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सर संघ चालक डा. मोहन भागवत, प्रांत के संघचालक श्रीप्रकाश नारायण सिंह उपाख्य छोटे बाबू समेत कई स्वयं सेवक उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में संघप्रमुख ने कहा कि हमारा समाज पूरी मानवता को कुटुंब मानता है। उस समाज को अपनेपन से देखना, अपनेपन से उसके साथ रहना एवं बगैर किसी लोभ के सेवा करना हमारी संस्कृति है। सेवा किसी आशा से नहीं होनी चाहिए। न ही किसी से अहंकार या प्रतिस्पर्धा के लिए ही होनी चाहिए। अपने भारत की परंपरा है। जड़-चेतन में अपनेपन को देखना। धैर्य रखने से सब कष्ट दूर होगा, सर्वत्र नकारात्मक सुनने से धैर्य नहीं खोना है। समाज में धैर्य रहेगा, तो बहुत कुछ अच्छा होगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते संघ प्रमुख मोहन भागवत

उन्होंने कोरोनाकाल का जिक्र करते हुए कहा। भारतीय संस्कृति ने इस समय में अनेक गौरवपूर्ण उदाहरण प्रस्तुत किए। लोगों ने आगे बढ़कर सेवा की। क्योंकि समाज स्फूर्त होकर सेवा भाव में लग गया। उन्होंने आग्रह करते हुए कहा, मिलकर, व्यवस्थित होकर और अहंकारशून्य होकर समाज को समर्थ बनाने के लिए सेवा कीजिए।

भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल संघ प्रमुख मोहन भागवत ,पूज्य जीयर स्वामी जी महाराज

इस मौके पर पूज्य जीयर स्वामी जी ने कहा सृष्टि की पहचान, परिचय व निर्माण ही सेवा भाव से हुआ है। सृष्टि की पहचान जनहित है, मानव सेवा है। अगर सेवा को सृष्टि से अलग कर दिया जाए। तो जगत का परिचय ही कुछ नहीं बचता। प्रकृति सेवा का अनुपम उदाहरण है। जो सबको समान भाव से सबकुछ देती है। संघ के सदस्यों ने बताया यहां मरीजों को सस्ते दरों पर रहने और खाने की सुविधा के साथ विभिन्न अस्पतालों तक जाने के लिए आवश्यक सुविधा भी मुहैया करायी जाएगी। इस मौके पर संघ के तमाम पदाधिकारियों के अलावा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व सरकार के अनेक मंत्री, सांसद व विधायक उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here