रोटरी सहेली सेंटर की छात्राओं समेत आम राहगीरों को होगा लाभ बक्सर खबर। शहर में बढ़ती गर्मी और पेयजल संकट को देखते हुए रोटरी क्लब ने सराहनीय पहल करते हुए दो स्थानों पर वाटर कूलर स्थापित किया है। रोटरी अध्यक्ष डॉ. दिलशाद आलम के नेतृत्व में सिविल लाइन स्थित सुधीर भवन एवं स्टेशन रोड के कवलदह पोखरा के पास यह सुविधा शुरू की गई है, जिससे आम लोगों को मौसम के अनुसार शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। सुधीर भवन में संचालित रोटरी सहेली सेंटर में यह वाटर एटीएम विशेष रूप से उपयोगी साबित होगा, जहां बड़ी संख्या में युवतियां ब्यूटी पार्लर, सिलाई एवं कंप्यूटर का प्रशिक्षण प्राप्त करती हैं। इस सुविधा से उन्हें स्वच्छ पेयजल आसानी से उपलब्ध हो सकेगा। रोटरी क्लब द्वारा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी शहर के विभिन्न स्थानों पर पियाऊ की व्यवस्था की जा रही है, ताकि गर्मी के मौसम में लोगों को राहत मिल सके।
इस अवसर पर रोटरी अध्यक्ष डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है और जल संकट गहराता जा रहा है। ऐसे में अधिक से अधिक पेड़ लगाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आएं और पौधारोपण को जनआंदोलन बनाएं। कार्यक्रम के दौरान सचिव एसएम साहिल, सत्येंद्र कुमार सिंह, पूर्व डीजी डॉ. सीएम सिंह, दीपक अग्रवाल, मनोज वर्मा, प्रेसिडेंट-इलेक्ट निर्मल सिंह राहुल एवं मनीष कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।





























































































