ग्रामीण विकास और शिक्षा विभाग ने जारी किया आदेश, 8 जुलाई तक नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश बक्सर खबर। बिहार सरकार ने बक्सर जिले में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है। ग्रामीण विकास विभाग और शिक्षा विभाग ने अलग-अलग आदेश जारी कर बीडीओ तथा बीईओ का तबादला किया है। इससे जिले के चार प्रखंड सीधे प्रभावित हुए हैं। ग्रामीण विकास विभाग ने राज्यभर में 68 प्रखंड विकास अधिकारियों का स्थानांतरण किया है। इसके तहत राजपुर और डुमराव प्रखंड को नए बीडीओ मिले हैं। मुजफ्फरपुर के सकरा प्रखंड में पदस्थापित रहे मनोज कुमार को राजपुर का नया बीडीओ बनाया गया है। वहीं भोजपुर के बिहिया प्रखंड से मोनालिसा प्रियदर्शनी का तबादला कर डुमरांव का प्रखंड विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है। विभाग ने सभी नवपदस्थापित अधिकारियों को तत्काल पुराने पद से विरमित होकर नए स्थान पर योगदान देने का निर्देश दिया है।
जुलाई का वेतन भी नए पदस्थापन स्थल से ही भुगतान किया जाएगा। इधर, शिक्षा विभाग ने भी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों का स्थानांतरण किया है। इसके तहत चौसा और चक्की प्रखंड के बीईओ का तबादला दूसरे जिलों में किया गया है। चौसा के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी हृषिकेश कुमार सिंह को गोपालगंज जिले के सिधवलिया प्रखंड भेजा गया है। वहीं चक्की के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी जितेंद्र कुमार का स्थानांतरण मधेपुरा जिले के आलमनगर प्रखंड में किया गया है। प्राथमिक शिक्षा निदेशालय ने संबंधित जिला शिक्षा पदाधिकारियों को 8 जुलाई तक सभी स्थानांतरित अधिकारियों को विरमित करने का निर्देश दिया है। तय समय सीमा के बाद अधिकारी स्वतः विरमित माने जाएंगे।































































































