गुरुदास मठिया गांव की घटना, पुरानी रंजिश में मारपीट का आरोप बक्सर खबर। जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरुदास मठिया गांव में कानून को ठेंगा दिखाने वाली एक शर्मनाक घटना सामने आई है। चोरी के शक में ग्रामीणों ने एक युवक को न केवल बंधक बनाया, बल्कि उसे पेड़ से उल्टा लटकाकर बर्बरता पूर्वक सजा दी। इस खौफनाक मंजर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मिली जानकारी के अनुसार, घटना रविवार देर रात करीब 3 बजे की बताई जा रही है। ग्रामीणों का दावा है कि युवक चोरी की नीयत से गांव में दाखिल हुआ था। आहट होने पर लोगों ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। आक्रोशित भीड़ ने आव देखा न ताव, युवक के हाथ-पैर बांधे और उसे पेड़ से उल्टा लटका दिया। वायरल वीडियो में युवक की बेबसी साफ देखी जा सकती है। हालांकि, वीडियो में प्रहार के दृश्य धुंधले हैं, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों ने पुष्टि की है कि युवक के साथ जमकर मारपीट की गई।
सोमवार सुबह सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया। घायल युवक की पहचान स्थानीय निवासी बेटानी यादव के रूप में हुई है, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में नया मोड़ तब आया जब युवक के परिजनों ने इसे साजिश करार दिया। पिता बसावन यादव का आरोप है कि पुरानी रंजिश के कारण उनके बेटे को झूठे आरोप में फंसाकर जानलेवा हमला किया गया है। बुधवार को पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लेकर इटाढ़ी रेलवे गुमटी स्थित मुफस्सिल थाना चेकपोस्ट पहुंचा। परिजनों का कहना है कि वे इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराकर न्याय के लिए एसपी कार्यालय तक जाएंगे। मुफस्सिल थाना पुलिस के अनुसार, शुरुआत में युवक ने किसी भी प्रकार की लिखित शिकायत देने से इनकार कर दिया था।































































































