‌‌‌ खतरनाक हुआ नाथ घाट, डूब गया शिक्षक का एकलौता पुत्र

0
4128

-अंतिम सोमवारी पर गया था स्नान करने
बक्सर खबर। नाथ घाट पर गंगा स्नान करने गया युवक सोमवार की सुबह डूब गया। हालांकि उसके शव की तलाश जारी है। लेकिन, अभी तक कुछ पता नहीं चला है। लोग ऊपर वाले से चमत्कार की दुआ कर रहे हैं। क्योंकि डूबने वाला युवक शिक्षक श्रीभगवान राय का इकलौता पुत्र था। वह अपने माता-पिता के साथ ही मंदिर गया था। अंतिम सोमवारी थी, इस लिए लोग शिव मंदिरों में दर्शन पूजन के लिए जाते हैं। वह भी मंदिर आया था। नहाने के दौरान सुबह नौ से दस बजे के मध्य यह दुर्घटना हो गई। युवक का नाम लक्की राय बताया जा रहा है। जिसकी उम्र लगभग 18-19 वर्ष थी।

दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सोमवारी होने के कारण वहां पहले से लोग जमा थे। जिसने सुना वह मौके की तरफ भागा आया। सूचना पर प्रशासन की टीम पहुंची। लेकिन, गोताखोरों की कमी सबको खल रही थी। कुछ सामाजिक कार्यकर्ता मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे। जबकि संकीर्ण होता नाथ घाट और तट के किनारे बने सेड के कारण यह घाट कुछ ज्यादा ही खतरनाक हो गया है। दूसरी तरफ इन दिनों पानी बढ़ा हुआ है। गंगा की सीढ़ियां पानी में डूबी हुई है। ऐसे में आगे जाना बेहद खतरनाक हो गया है। सूचना के अनुसार दोपहर बारह बजे तक शव बरामद नहीं हो पाया था। यह परिवार शहर के वीर कुंवर सिंह कॉलोनी में रहता है। मूल रूप से श्रीभगवान राय राजपुर थाना के तिवाय गांव के निवासी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here