प्रतिभावान खिलाड़ियों की माताओं को मिला जीजा मां सम्मान

0
106

-बेहतर कार्य के लिए सम्मानित हुए क्रीड़ा भारती के जिलाध्यक्ष रमेश
बक्सर खबर। क्रीड़ा भारती द्वारा बीते दिन जीजा मा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कैमूर जिले के कुदरा में आयोजित कार्यक्रम में राज्य के उप मुख्यमंत्री तारकेश्वर प्रसाद शामिल हुए। इस दौरान राष्ट्रीय व अंतराष्ट्रीय स्तर पर सफल खिलाड़ियों की माताओं का विशेष सम्मान किया गया। समारोह का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री तारकेश्वर प्रसाद व अर्जुन अवार्ड से सम्मानित क्रीड़ा भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल सैनी एवं बिहार प्रांत के पूर्व अध्यक्ष राजेश्वर राज ने संयुक्त रुप से किया।

बक्सर जिले की टीम भी इसमें शामिल हुई। जिलाध्यक्ष डॉ रमेश कुमार के नेतृत्व में यहां से छह खिलाड़ियों की माताएं वहां पहुंची। जिसमें बॉस्केटबॉल में शिवानी कुमारी की मां मनोरमा देवी, बंधन कुमारी की मां मंजू देवी, राज वर्मा की मां सोनी देवी, वुशू में अमिषा कुमारी की मां कंचन देवी, अंकुश कुमार की मां उर्मिला देवी, ताइक्वांडो में सृष्टि राज की मां कुमारी रंजना रानी को अंगवस्त्र, मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर उपमुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा सम्मानित किया गया।

-बक्सर के जिलाध्यक्ष रमेश राय को सम्मानित करते उप मुख्यमंत्री

इस दौरान बेहतर कार्य के लिए बक्सर के जिलाध्यक्ष डॉ रमेश कुमार को भी उप मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। रमेश कुमार ने मीडिया को बताया कि छत्रपति शिवाजी महाराज की माता जीजा मां सम्मान से सम्मानित खिलाड़ियों की माताएं प्रसन्नचित मुद्रा में अपने बच्चों को खेल के माध्यम से चरित्रवान एवं राष्ट्र प्रेमी बनाने में भी हर तरह का सहयोग देने के लिए संकल्पित हुईं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here