सिमरी थाने की सीमा में मिला औद्योगिक थाने के व्यक्ति का शव

0
1382

-हत्या की आशंका, पुलिस कर रही जांच
बक्सर खबर। सिमरी थाना के बलिहार गांव के समीप रविवार की सुबह पुरुष का शव खेत में पड़ा देखा गया। जिसकी नजर सबसे पहले उसपर पड़ी। उसने तो पूरे गांव में खबर फैला दी। गांव के बाहर लाश पड़ी है लाश। सुनते ही गांव के अनेक लोग उधर भागे। किसकी लाश है, कहां से आई है। तरह-तरह की चर्चा होने लगी। स्थानीय लोगों ने सिमरी थाने को इसकी जानकारी दी। पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। वहां एकत्र हुए लोगों की भीड़ में से कुछ ने मृतक को पहचान लिया। यह औद्योगिक थाना के जगदरा गांव निवासी विद्यानंद पांडेय (42 वर्ष) का शव है।

पुलिस ने परिवार वालों को सूचना दी। परिजनों ने आते ही शव की पहचान की और यह बताया कि रात के वक्त एक शादी समारोह में वे गए थे। जहां लोगों ने रात साढ़े ग्यारह बजे उन्हें अंतिम बार देखा था। पुलिस ने शव का सूक्ष्म निरीक्षण किया तो पता चले। उनके हाथों पर काले धब्बे जैसे कुछ निशान हैं। ऐसा लग रहा था मानों करंट लगा हो। लेकिन, आस-पास कहीं बिजली का खंभा नहीं था। पूछने पर सिमरी के थानाध्यक्ष अमन कुमार ने कहा कि हम लोग अपने स्तर से मामले की जांच कर रहे  हैं। फिलहाल परिजनों ने किसी पर शक नहीं प्रकट किया है। लेकिन, पुलिस अपने स्तर से इसकी जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here