‌‌‌ आग बुझाने गए दमकल कर्मियों के साथ मारपीट, दर्ज होगी प्राथमिकी

0
838

-घायल तीन कर्मचारियों का अस्पताल में चल रहा है उपचार
बक्सर खबर। आग बुझाने गए दमकल कर्मियों के साथ सुक्रवलिया गांव के लोगों ने मारपीट की। साथ ही पथराव कर वाहन को भी नुकसान पहुंचाया। लोगों के आक्रोश का शिकार हुए तीन कर्मियों को चोट आई है। जिनका उपचार सदर अस्पताल में चल रहा है। प्रशासन के अनुसार ऐसा करने वालों के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। घायल कर्मी नीतीश कुमार, संतोष कुमार तथा चालक शशि गुप्ता घायल हुए हैं। दमकल कर्मियों ने अपने विभाग के पदाधिकारी को बताया कि इटाढ़ी थाना के सुक्रवलिया गांव में किसी ने खेत के डंठल में आग लगाई थी। हम लोग उसे बुझाने गए थे। आग बढ़ते हुए गांव के समीप पहुंच गई थी। आग पर काबू पा लिया गया।

इस बीच गाड़ी की टंकी खाली हो गई थी। हम लोग पानी भरने पास के पेट्रोल पंप पर गए। इतने में एक और गांव से फोन आया। जहां आग गांव के पास पहुंच गई थी। हम लोग वहां के लिए निकले तो मौके पर पहुंच गए लोगों ने हमें जबरन रोक लिया। हम लोग उन्हें समझाते रहे, दूसरे गांव पहुंचना जरुरी है, वहां आग गांव के समीप पहुंच गई है। लेकिन, वे नाराज हो गए और हमारे साथ मारपीट शुरू कर दी। कुछ लोगों ने पथराव कर गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया। हमने इसकी सूचना  अग्निशमन पदाधिकारी सत्यदेव सिंह को दी। उन्होंने इटाढ़ी थाने को घटना की सूचना दी। मौके पर पुलिस पहुंची तो हम लोग वहां से निकल पाए। वहीं ग्रामीणों का कहना था, पानी भरने के लिए गांव में ही इंतजाम किया गया था। लेकिन, कर्मी वाहन लेकर पंप पर चले गए। आग लगने की वजह से कन्हैया उपाध्याय की झोपड़ी में रखा अनाज व सबमर्सिबल का केबल भी जल गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here